गरियाबंद। जिले के गोबरा नवापारा स्थित राजिम त्रिवेणी संगम के महानदी नेहरू घाट पर शनिवार को एक युवक नदी में स्नान के दौरान तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा युवक की तलाश शुरू कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदिरा मार्केट नवापारा निवासी प्रदीप कश्यप अपनी पत्नी के साथ महानदी में स्नान करने गया था। दोनों नदी में उतरे थे, तभी प्रदीप गहराई और तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में डूबकर लापता हो गया। उसकी पत्नी सुरक्षित बाहर निकल आई।
घटना की सूचना पर गोबरा नवापारा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी युवक की तलाश का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद रायपुर से गोताखोरों की टीम बुलाई गई, जिसने महानदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
पुलिस के अनुसार, घटना गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के महानदी स्थित नेहरू घाट की है। प्रशासन ने लोगों से बारिश के मौसम में नदी के तेज बहाव और गहरे पानी में उतरने से बचने की अपील की है। युवक की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
