Advertisement Carousel

संकल्प हॉस्पिटल पर आयुष्मान घोटाले का आरोप, जिला पंचायत की सामान्य सभा में हंगामा


7 दिन में कार्रवाई का भरोसा, लाइसेंस निलंबन और ब्लैकलिस्टिंग की तैयारी


गरियाबंद जिले में छुरा स्थित श्री संकल्प हॉस्पिटल पर कथित आयुष्मान घोटाले का मामला अब जिला पंचायत की सामान्य सभा तक पहुंच गया है। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाते हुए अस्पताल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, जिससे सदन में कुछ देर के लिए गहमागहमी का माहौल बन गया।


आरोप है कि अस्पताल ने बिना ICU और HDU की अनुमति के मरीजों का इलाज किया और सामान्य बीमारियों को गंभीर बताकर आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों के कार्ड ब्लॉक कर लाखों रुपये का क्लेम लिया।


मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने जांच टीम गठित कर दी है। जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना को बदनाम करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महाडिक सहित अन्य सदस्यों ने भी दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की।


बैठक में अधिकारियों ने सदन को भरोसा दिलाया कि 7 दिनों के भीतर कार्रवाई की जाएगी। सीएमएचओ डॉ. यू.एस. नवरत्न ने बताया कि हॉस्पिटल का लाइसेंस निलंबित करने, आयुष्मान योजना से ब्लैकलिस्ट करने और निकाली गई राशि की रिकवरी के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।


अब सबकी निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं कि सात दिनों में इस मामले में क्या बड़ा एक्शन लिया जाता है।

error: Content is protected !!