Advertisement Carousel

पंचायतों को सशक्त कर विकसित भारत की नींव मजबूत कर रही सरकार – CM विष्णु देव साय

रायपुर
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के डीडीयू ऑडिटोरियम में पंचायत पदाधिकारी सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए और पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायतों को सशक्त बनाकर विकसित भारत की नींव मजबूत की जा रही है।


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में गांवों के समग्र विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रियता से ही गांवों का विकास संभव है और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सकता है।


मुख्यमंत्री ने अपने राजनीतिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने भी पंच और सरपंच के रूप में काम किया है, इसलिए पंचायत प्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों और चुनौतियों को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि गांवों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने में पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीणों को पक्के मकान मिल रहे हैं, वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को बैंकिंग, बिजली बिल भुगतान, पेंशन और बीमा जैसी सुविधाएं आसानी से मिल रही हैं।


उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन 2.0 के तहत हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य है, जिसमें पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। साथ ही सुशासन तिहार के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए शिविर भी लगाए जाएंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए विभिन्न प्रोजेक्ट के स्टालों का भी अवलोकन किया और मेगा स्वास्थ्य शिविर की पहल की सराहना की। उन्होंने प्रोजेक्ट धड़कन, प्रोजेक्ट दधीचि, प्रोजेक्ट नैनो समेत कई नवाचार आधारित योजनाओं की जानकारी ली और हितग्राहियों को प्रमाण पत्र व सहायता राशि भी वितरित की।


कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और पंचायत पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!