जीएसटी अधिकारी और बिचौलिये की गिरफ्तारी पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा—जनहित सर्वोपरि, भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं
रायपुर। जगदलपुर में स्टेट जीएसटी की सहायक आयुक्त एवं अन्य लोगों के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई के बाद भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए पूरी कठोरता से काम कर रही है। आम जनता और व्यापारियों को भयमुक्त, पारदर्शी तथा सुशासन आधारित व्यवस्था देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
चिमनानी ने कहा कि जीएसटी प्रकरण में राहत दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने के मामले में एसीबी की कार्रवाई स्पष्ट संदेश है कि पद और प्रभाव का दुरुपयोग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। भ्रष्टाचार में शामिल व्यक्ति चाहे कितना भी रसूखदार क्यों न हो, उसके खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार को संरक्षण मिला, जबकि वर्तमान सरकार में जांच एजेंसियां स्वतंत्रता और पारदर्शिता के साथ काम कर रही हैं। चिमनानी के मुताबिक, पिछले तीन वर्षों में भ्रष्टाचार के खिलाफ हुई कार्रवाइयां सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का प्रमाण हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा बेवजह आम नागरिकों और व्यापारियों को परेशान कर पैसे की मांग करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और भ्रष्टाचार मुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
