एससी वर्ग की महिला को जगह नहीं मिलने पर भाजपा विधायक का हमला, दिल्ली से सूची तैयार होने का लगाया आरोप; दीपक बैज बोले- अभी 80 फीसदी नियुक्तियां बाकी
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की महिला को प्रतिनिधित्व नहीं मिलने का मुद्दा अब राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है। भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस की कार्यकारिणी गठन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पार्टी पर सामाजिक प्रतिनिधित्व की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने नियुक्तियों को लेकर सफाई देते हुए कहा है कि अभी केवल 20 प्रतिशत नियुक्तियां हुई हैं, 80 प्रतिशत नियुक्तियां बाकी हैं।
अजय चंद्राकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की सूची छत्तीसगढ़ में नहीं, बल्कि दिल्ली में तैयार की गई है। उनके मुताबिक, सूची तैयार करने वालों को प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और स्थानीय समीकरणों की पर्याप्त समझ नहीं है। चंद्राकर ने कांग्रेस की राष्ट्रीय नेता अलका लांबा पर भी तंज कसते हुए कहा कि उन्हें छत्तीसगढ़ की राजनीति का पर्याप्त अध्ययन नहीं है।
भाजपा विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यकारिणी गठन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बजाय विधायक देवेंद्र यादव से सलाह ली गई, जिसके चलते नियुक्तियों में गड़बड़ी हुई। चंद्राकर ने कहा कि महिला मोर्चा जैसे संगठन में सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, लेकिन मौजूदा सूची में एससी वर्ग की महिला को जगह नहीं मिलना सवाल खड़े करता है।
कांग्रेस ने कहा, अभी नियुक्तियां पूरी नहीं
विवाद पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में अभी केवल 20 प्रतिशत नियुक्तियां हुई हैं। शेष 80 प्रतिशत नियुक्तियां अभी की जानी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे सभी वर्गों को उचित महत्व और प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। बैज ने कहा कि किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है।
महिला मोर्चा की नियुक्तियों को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब कांग्रेस के सामाजिक प्रतिनिधित्व और संगठनात्मक निर्णय प्रक्रिया पर राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। भाजपा जहां इसे कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और वर्गीय प्रतिनिधित्व से जोड़कर निशाना साध रही है, वहीं कांग्रेस ने बाकी नियुक्तियों के जरिए सभी वर्गों को समायोजित करने का भरोसा दिया है।
