Advertisement Carousel

परिसीमन संवैधानिक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा, इससे बढ़ेंगे जनप्रतिनिधित्व के अवसर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री बोले—महिलाओं को भी राजनीति में मिलेगा अधिक प्रतिनिधित्व, सभी दलों को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत

रायपुर, 28 नवंबर। परिसीमन को लेकर कांग्रेस के विरोध और इसे बिना पर्याप्त चर्चा के चोरी-छिपे लाए जाने के आरोपों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट कहा है कि परिसीमन कोई गुप्त या चोरी-छिपे उठाया जाने वाला कदम नहीं, बल्कि संवैधानिक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि परिसीमन से जनप्रतिनिधित्व के अवसर बढ़ेंगे। निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या में वृद्धि होने से अधिक लोगों को जनसेवा और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का अवसर मिल सकेगा। इससे लोकतंत्र की भागीदारी और व्यापक होगी।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का उल्लेख करते हुए कहा कि परिसीमन महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे महिलाओं को राजनीति और जनप्रतिनिधित्व के क्षेत्र में आगे आने के अधिक अवसर मिलेंगे।

श्री साय ने कहा कि परिसीमन व्यापक जनहित और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। ऐसे विषय पर सभी राजनीतिक दलों को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि परिसीमन से संबंधित प्रस्ताव संसद में आता है, तो सभी दलों को मिलकर इसे सर्वसम्मति से पारित कराने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।

मुख्यमंत्री के बयान के साथ परिसीमन को लेकर राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!