हाथियों के झुंड की मौजूदगी में वन विभाग ने चलाया जोखिम भरा अभियान, ड्रोन कैमरे में कैद हुई पूरी घटना
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र में हाथी का एक नन्हा शावक गड्ढे में गिरकर फंस गया। शावक को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वन विभाग की टीम ने करीब तीन घंटे तक लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम को सफलता मिली और शावक को सुरक्षित बाहर निकालकर हाथियों के झुंड में दोबारा शामिल करा दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, शावक उदयपुर इलाके में घूम रहे हाथियों के दल के साथ था। इसी दौरान वह एक गड्ढे में गिर गया। शावक के फंसने की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन शावक के आसपास हाथियों के झुंड की मौजूदगी के कारण रेस्क्यू करना बेहद जोखिम भरा था।
हाथियों के दल ने शावक के पास ही डेरा जमा लिया था। ऐसे में वन विभाग की टीम ने पहले सावधानीपूर्वक झुंड को घटनास्थल से दूर किया और फिर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
करीब तीन घंटे की लगातार मेहनत के बाद शावक को गड्ढे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे हाथियों के झुंड में वापस पहुंचाया गया। शावक के सुरक्षित झुंड में शामिल होने के बाद वन विभाग की टीम ने राहत की सांस ली।
इस पूरे रेस्क्यू अभियान की घटना ड्रोन कैमरे में कैद हुई है।
