कोरिया / दुर्ग एक्सप्रेस से बीती रात पति के साथ मध्यप्रदेश के बिजुरी जा रही एक महिला ने नगर रेलवे स्टेशन पर बच्चे को जन्म दिया। काफी देर फोन लगाने के बाद भी जब महतारी एक्सप्रेस व 108 वाहन मौके पर नहीं पहुंची तो एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल बैकुंठपुर ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
अंबिकापुर-दुर्ग एक्सप्रेस से बीते मंगलवार की रात गणेश अपनी गर्भवती पत्नी नीलम को लेकर घर जा रहा था। बैकुंठपुर से आगे नगर रेलवे स्टेशन पहुंचते तक महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। ट्रेन जैसे ही रेलवे स्टेशन पर रुकी दंपती वहीं उतर गए। इसके बाद महिला ने स्टेशन पर ही एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। महिला को तत्काल स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने स्टेशन मास्टर सहित अन्य ने कई बार महतारी एक्सप्रेस व संजीवनी 108 को फोन लगाया, लेकिन यह सुविधा उसे नहीं मिल सकी। इस दौरान करीब 1 घंटे बीत गए। अंतत: प्रसुता को एंबुलेंस से जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत नवजात लड़की थी।
