Advertisement Carousel

नोटबंदीः नई गाइडलाइन जारी, शादी वाले घरों को बड़ी राहत, निकलवा सकेंगे 2.5 लाख रुपए

नई दिल्ली / 500 और 1000 रुपए के नोट बदले जाने के बाद से पूरे देश में लोग परेशान हैं। हालांकि, लोगों को हो रही दिक्कत को ध्यान में रखते हुए सरकार लगातार नई-नई गाइडलाइन जारी कर रही है। नोटबंदी के बाद देश भर में आम लोगों की मुश्किलें कम करने के लिए केंद्र सरकार ने फिर से राहतों का ऐलान किया है. वित्त सचिव शक्तिकांत दास ने गुरुवार को कहा कि किसानों, मंडी कारोबारियों और शादी वाले घरों के लिए सरकार ने कुछ शर्तों में ढ़ील दी है। 

दास ने बताया कि जिनके घरों में शादी होने वाली है उनके एक सदस्य अपने खाते बैंक से एक बार में ढ़ाई लाख रुपए तक निकाल सकते हैं. यह सुविधा घर के अभिभावक यानी जिनकी शादी हो रही है उनकी माता या पिता के लिए है. इसके लिए उन्हें जरूरी पहचान पत्र के साथ केवायसी के दस्तावेज भी ले जाने होंगे। 

किसानों को खेती के लिए मिली शर्तों में बड़ी छूट – 

शक्तिकांत दास ने कहा कि सरकार ने खेती के दिनों को देखते हुए किसानों के लिए भी राहत मुहैया कराया है. अब किसान खाद और बीज के लिए एक सप्ताह में 25 हजार रुपए तक निकलवा सकेंगे. किसानों के खाते में आरटीजीएस और चेक से जमा रकम को भी निकलवा सकते हैं । 

दास ने बताया कि किसानों को फसल बीमा और खेती के लिए मिले मंजूर या खाते में जमा सरकारी लोन की रकम को भी निकाल सकते हैं. इसके साथ ही वह चेक और किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए भी दुकानों को भुगतान कर सकते हैं। 

मंडी कारोबारियों को भी राहत – 

उन्होंने कहा कि मंडी कारोबारियों को भी बड़ी राहत देते हुए सरकार ने फैसला किया है कि उन्हें अपने खाते से एक सप्ताह में 50 हजार रुपए तक निकलवा सकते हैं. सरकार ने फसल बीमा योजना के प्रीमियम केस के तहत मिलने वाली रकम को निकलवाने के लिए तय अवधि को 15 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है। 

बैंक काउंटर से रोजाना नोट बदलवाने की सीमा घटी – 

वित मंत्रालय के आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने इन राहतों की जानकारी देने के साथ ही बताया कि सरकार ने बैंकों में काउंटर पर जाकर पुराने नोट बदलवाने की सीमा को कम कर दिया है. उन्होंने कहा कि शुक्रवार से ही यह सीमा 4500 रुपए रोजाना से कम कर 2000 रुपए हो जाएगी। 

error: Content is protected !!