कोरिया / जनकपुर – कोरिया जिले के घने जंगलों के बीच उचेहरा गांव में भी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की रसोई गैस पहुंच गई है। इस गांव की 65 वर्षीय वयोवृद्ध श्रीमती केतकी बाई आसानी से रसोई गैस का इस्तेमाल करने लगी है। लोक सुराज अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह आज कोरिया जिले के ग्राम उचेहरा में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने चौपाल में उपस्थित महिलाओं से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के बारे में पूछा। चौपाल में उपस्थित 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला श्रीमती केतकी बाई ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्हें गैस सिलेण्डर और गैस चूल्हा मिल गया है और वह इसे जला भी लेती है। उम्र के इस पड़ाव में खाना बनाना काफी आसान हो गया है। मुख्यमंत्री ने केतकी बाई के हाजिर जवाब की तारीफ की और चौपाल में उन्हें अपने पास बैठा लिया। मुख्यमंत्री ने गांव की दूसरी महिलाओं से कहा कि वे केतकी बाई से गैस जलाना सीख लें।
आखिर CM ने क्यों की 65 वर्षीय वयोवृद्ध केतकी बाई की तारीफ….
