कोरिया / प्रदेश के श्रम, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री भी भईयालाल राजवाडे़ ने आज जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया और उन्होने उपचार हेतु उपस्थित मरीजों से उनका हाल-चाल जाना।
श्री राजवाडे ने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान संक्रामक बीमारियां होने की ज्यादा संभावनाएं होती है। श्री राजवाडे ने मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु सावधानी बरतने की समझाई दी। उन्होने चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया और चिकित्सकों से जिला चिकित्सालय मे मरीजों को दी जा रही निःशुल्क, दवाईयां, भोजन सहित जिला चिकित्सालय की साफ-सफाई आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होने मरीजों का बेहतर से बेहतर चिकित्सकीय उपचार करने के भी निर्देश दिये। उन्होने कहा कि चिकित्सकीय उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद बैकुण्ठपुर के उपाध्यक्ष सुभाष साहू, नगर पालिका बैकुण्ठपुर के पूर्व अध्यक्ष शैलेश शिवहरे, सिविल सर्जन डाॅ.एस.के.गुप्ता सहित चिकित्सगण मौजूद थे।
