कोरबा / कोरबा में सिटी कोतवाली पुलिस ने सुनालिया चौक के पास घेराबंदी कर पटाखे से भरा पिकअप वाहन जब्त किया साथ ही दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके खिलाफ धारा 9 ख भारतीय विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 64/9113 में लाखों का पटाखा अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। इस सूचना पर सोमवार रात लगभग 1.30 बजे सुनालिया चौक के पास घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया गया। वाहन की जांच करने पर पाया गया कि पिकअप को ऊपर से प्लास्टिक से ढंक दिया गया था, ताकि पटाखे नजर न आएं।
जांच में वाहन में भरे कुल चालीस पेटी अलग-अलग प्रकार के पटाखों को जब्त किया गया है, जिनकी कीमत लगभग पांच लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने पटाखों का अवैध रूप से परिवहन करने वाले अंबिकापुर निवासी आकाश नामदेव 19 वर्ष एवं सरोज गुप्ता पिता सोहन गुप्ता को पकड़ा है। पूछताछ में पता चला है कि वे पटाखों को रायपुर से कोरबा खपाने पहुंचे थे।
