बस्तर – बीजापुर / बीजापुर थाना क्षेत्र के मनकेलि के जंगल में हुई पुलिस नक्सली मुठभेड़ में पुलिस ने तीन नक्सलियों को मार गिराया है और एक इंसास, 303 बंदूक समेत तीन हथियार भी बरामद करने में सफलता हासिल की है।
बीजापुर पुलिस गंगालूर थाना क्षेत्र के बोड़ला-पुष्नार के जंगल में 30 से 40 नक्सली होने की सूचना मिली थी। उसी के आधार पर शुक्रवार को डीआरजी और एसटीएफ की संयुक्त टीम बनाकर रवाना किया गया। दो दिन तक जंगल में सर्चिंग के बाद आज सुबह लौटते वक़्त बीजापुर थाना क्षेत्र के मनकेलि के जंगल में घात लगाए नक्सलियों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। जवानों ने भी मोर्चा संभालते नक्सलियों से डट कर मुक़ाबला किया। करीब दो घंटे से ज्यादा मुठभेड़ होने के बाद नक्सली अपने आप को कमजोर पड़ता देख घने जंगल का फायदा उठा कर वंहा से भाग निकले।

घटना स्थल की सर्चिंग के दौरान तीन पुरुष नक्सली का शव और तीन हथियार बरामद करने में सफलता हासिल की। हथियारों में एक इंसास, एक 303 बंदूक और एक 12 बोर का बंदूक शामिल है। साथ ही एक ग्रेनेड, बंदुक की गोली, पिट्ठू, वायर, नक्सल साहित्य और दैनिक उपयोग में आने वाले सामान हासिल करने में सफलता मिली है। मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त नही हो सकी है। तीनो शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टेम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
