कोरिया / कलेक्टर नरेंद्र कुमार दुग्गा जिले के आदिवासी विकासखंड सोनहत के ग्राम गोयनी से मध्यप्रदेश के विकासखंड बैढन के ग्राम चूरापाट, बिन्दुल, धनगढ, करौंटी होते हुए ग्राम धरीगांव से उबड खाबड और पथरीली मार्ग से पैदल चलकर लाटा नाला को पार करते हुए औचक सुदूर वनांचल और पहाडों की तराई पर स्थित ग्राम कछुआखोह पहुंचे। ज्ञात हो कि सूदूर वनांचल ग्राम कछुआ खोह पहुंचने वाले श्री दुग्गा प्रथम कलेक्टर है।
कलेक्टर श्री दुग्गा ने कछुआ खोह पहुंचने पर सर्वप्रथम ग्रामीणों से सौजन्य मुलाकात की और ग्रामीणों का हालचाल जाना। कलेक्टर श्री दुग्गा के ग्राम कछुआ खोह पहुंचने पर ग्रामीणों में भारी उत्साह था। कलेक्टर श्री दुग्गा के पहुंचते ही लोग स्वतः स्कूल भवन पहुंचने लगे। कलेक्टर श्री दुग्गा ने ग्रामीणों के स्वतः पहुंचने पर खुश होकर स्कूल परिसर में चौपाल लगाया और ग्राम के पटेल कन्हैयालाल, महिपाल सिंह और रामबदन के साथ बैठकर लोगों की समस्याएं सुनी। ग्रामीणों ने बताया कि अब तक किसी भी कलेक्टर का दौरा ग्राम कछुआ खोह नहीं हुआ था। कछुआ खोह पहुंचने वाले आप जिले के प्रथम कलेक्टर है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री दुग्गा ने ग्रामीणों से शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के तहत एक रूपये किलो में चावल, प्रधानमंत्री आवास, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पूरक पोष्टिक आहार, सौर सुजला योजना के तहत सोलर सिंचाई पंप, बच्चों की शिक्षा दीक्षा आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
ग्रामीणों ने लाटा नाला में पुलिया निर्माण और ग्राम कछुआ खोह से नीलकंठ हेाते हुए दसेर तक पहुंच मार्ग की मांग की। कलेक्टर श्री दुग्गा ने उनकी मांग को गंभीरता से लिया और लाटा नाला में पुलिया निर्माण की स्वीकृति प्रदान की तथा ग्राम कछुआखोह से नीलकंठ हेाते हुए दसेर तक पहुंच मार्ग निर्माण हेतु सर्वेक्षण करने के लिए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग के सहायक अभियंता और ग्राम में सोलर पैनल स्थापित करने और सभी परिवारों के लिए सोलर सिंचाई पंप लगाने हेतु प्रस्ताव बनाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये। चौपाल में उन्होने 10वीं तक की पढाई करने वाली ग्राम की बालिकाओं को पुलिस विभाग में भर्ती हेतु आवेदन पत्र भरने की समझाईश दी। इसके पूर्व उन्होने आंगनबाडी केंद्र, स्कूल भवन एवं शौचालय का निरीक्षण किया। उन्होने आंगनबाडी केंद्र की कार्यकर्ता श्रीमती फुलमति एवं सहायिका श्रीमती फुलकंुवर से बच्चों के लिए रेडी टू ईट वितरण, वजन त्यौहार, पोस्टिक आहार आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। जिसके बाद कलेक्टर श्री दुग्गा ने ग्रामीणों के साथ फोटो खिंचवाकर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर सुश्री सुमन राज, जनपद पंचायत सोनहत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय राय सहित बडी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
