Advertisement Carousel

भागवत कथा के आयोजन से विचार में परिर्वतन और मन व आत्मा की शुद्धि होती है – CM डाॅ.सिंह

00 गायत्री परिसर विकास के लिए 15 लाख रूपये की घोषणा
कोरिया / मुख्यमंत्री डाॅ.रमन सिंह ने कहा है कि भागवत कथा जैसे आयोजनो और संतों के आगमन से वातावरण और विचार में परिर्वतन आता है तथा मन एवं आत्मा की शुद्धि होती है। मुख्यमंत्री डाॅ. सिंह ने यह विचार आज कोरिया जिले के विकासखंड बैकुण्ठपुर के ग्राम पटना के गायत्री सामुदायिक परिसर में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण कथा में व्यक्त किया।

उन्होंने गायत्री परिसर के विकास के लिए 15 लाख रूपये देने की घोषणा की। इसमें से 10 लाख रूपये भवन निर्माण कराने के लिए और 5 लाख रूपये टाईल्स आदि लगवाने के लिए दिया जायेगा।


मुख्यमंत्री डाॅ. सिंह ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि आज मुझे इस भागवत कथा में शामिल होकर आप सब लोगों से मिलने का सुखद अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ हिन्दुस्तान का एक ऐसा प्रदेश है, जो राम की कृपा, संतो का आर्शीवाद औऱ माता कौशिल्या की जन्म स्थलीय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर से सरगुजा तक के लोग बहुत मेहनती है, जिनका सहयोग छत्तीसगढ़ के विकास में मिला है। उन्होंने कहा कि मैं छत्तीसगढ़ की ढाई करोड़ जनता को देवता मानकर प्रणाम करता हूॅं, जिन्होंने मुझपर विश्वास किया और मुझे पिछले 14 वर्षो से छत्तीसगढ़ का नेतृत्व करने का अवसर प्रदान किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य की श्रेणी में लाने में सफलता मिली है। मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी 14 अप्रैल को देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी बीजापुर जिले के दौरे पर आ रहें है और वे इस दौरान देश दुनिया की सबसे बड़ी योजना का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत गरीबों को किडनी, हार्ट, घुटना, एवं लीवर आदि ट्राॅन्सप्लांट करने के लिए इस राष्ट्रीय योजना के तहत 5 लाख रूपये तक की सहायता दी जायेगी और इस योजना की शुरूआत छत्तीसगढ़ से होना गौरव का विषय है।


मुख्यमंत्री डाॅ. सिंह ने कहा कि संतों की कृपा से छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना लागू की गई है और छत्तीसगढ़ का कोई भी व्यक्ति रात को भूखा नहीं सोता है तथा उन्हें मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के तहत अत्यंत ही रियायती दर पर चावल उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि संतों की कृपा छत्तीसगढ़ को ऐसे ही मिलती रहे। छत्तीसगढ़ के लोग बहुत ही धार्मिक प्रवृति के हैं और इसीलिए मेरी यह सोच है कि ’’छत्तीसगढ़िया-सबले बढ़िया’’। मुख्यमंत्री डाॅ. सिंह ने इस अवसर पर राजस्थान से आए कथा वाचक महामण्डलेश्वर जगदीश पुरी महराज से छत्तीसगढ़ की ढाई करोड़ जनता की खुशहाली के लिए आर्शीवाद मांगा। उन्होंने इस अच्छे आयोजन के लिए आयोजन समिति के सदस्यों को धन्यवाद और शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर गृह जेल एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री रामसेवक पैकरा, खेल, युवा कल्याण एवं श्रम मंत्री भईया लाल राजवाडे़, संसदीय सचिव श्रीमती चम्पादेवी पावले, मनेन्द्रगढ़ के विधायक श्यामबिहारी जायसवाल, सरगुजा संभाग के संभागायुक्त अविनाश चम्पावत, छत्तीसगढ़ शस्त्रबल की अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती नेहा चम्पावत, कलेक्टर कोरिया नरेंद्र कुमार दुग्गा, पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला और बड़ी संख्या में भागवत प्रेमी तथा श्रद्धालु उपस्थित थे।

error: Content is protected !!