सुकमा / किस्टाराम इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच शुक्रवार देर रात मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक जवान शहीद हो गया है। CRPF की 212वीं बटालियन देर रात सर्चिंग पर निकली थी। इस दौरान घात लगाए नक्सलियों ने जवानों पर हमला कर दिया।
शहीद एएसआई का नाम अनिल कुमार है, जो उत्तर प्रदेश के अमेठी का रहने वाला था। सुकमा एसपी अभिषेक मीना ने मुठभेड़ और जवान की शहादत की पुष्टि की है। जवान सर्चिंग के लिए पालोड़ी कैंप से निकले थे। मुठभेड़ से संबंधित अभी और जानकारी का इंतजार है। अभी कुछ दिन पहले ही नक्सली पीएम मोदी की सभा के विरोध में इंजीनियर को अगवा कर ले गए थे और बाद में उसकी हत्या कर शव सड़क पर फेंक दिया था। विकास कार्यों और खासतौर पर अंदरूनी इलाकों में सड़क निर्माण को लेकर नक्सली बौखलाए हुए हैं।
आपको बता दें कि किस्टाराम में ही नक्सलियों ने पिछले महीने बड़ा हमला किया था। मार्च में हुए उस हमले में 9 जवान शहीद हो गए थे।
