00 छत्तीसगढ़ संचार क्रांति (स्काई) योजना के बारे में कलेक्टर ने जारी किए निर्देश
कोरिया / छत्तीसगढ़ संचार क्रांति (स्काई) योजना के तहत मुफ्त स्मार्ट फोन के लिए हितग्राहियों का इंतजार जल्द खत्म होगा। राज्य सरकार द्वारा इसके पात्र हितग्राहियों की सूची जारी होते ही जिला प्रशासन द्वारा पात्र आवेदकों से इसके लिए आवेदन पत्र भरवाना प्रारंभ कर दिया गया है। स्काई योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए कलेक्टर कोरिया नरेंद्र दुग्गा ने बताया कि इनका वितरण ग्राम पंचायतों, वार्डों, विकासखंड मुख्यालयों, सभी कॉलेजों, नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों और जिला मुख्यालयों से किया जाएगा। अभी सभी जगहों पर आवेदन पत्र उपलब्ध करा दिए गए हैं। उन्होने सभी पात्र आवेदकों से आवेदन पत्र भरकर जल्द से जल्द जमा करने को कहा है।
कलेक्टर श्री नरेंद्र दुग्गा ने बताया कि स्काई योजना के तहत कोरिया में पहले 50 हजार 839 हितग्राहियों को निशुल्क स्मार्ट फोन का वितरण होगा। श्री नरेंद्र दुग्गा ने बताया कि जिले में स्मार्टफोन के वितरण में पहली प्राथमिकता महिलाओं को दी जाएगी। पहले चरण में ग्रामीण क्षेत्र में फिर शहरी क्षेत्र में तकनीकी और गैर तकनीकी कॉलेज के विद्यार्थियों को स्मार्ट फोन वितरण का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत पारदर्शिता बतरने के लिए पात्र हितग्राहियों की सूची को सार्वजनिक किया जाएगा। इसमें दावा-आपत्ति भी ली जाएगी। दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद मुफ्त स्मार्ट फोन वितरण का काम शुरू होगा। श्री दुग्गा ने बताया कि इस योजना के तहत मिलने वाले निःशुल्क स्मार्ट फोन की वारंटी एक साल तक के लिए मिलेगी। हितग्राही अपने मोबाइल फोन में समस्या आने पर हितग्राही विकासखंड़ों में स्थापित संग्रहण केंद्र या रायपुर में स्थापित सर्विस सेंटर से संपर्क कर सकेंगे। साथ ही उनके लिए राज्य स्तर पर बनाए गए एक कॉल सेंटर के जरिए भी हितग्राहियों की समस्याओं को सुना जाएगा। इसका नम्बर स्मार्ट फोन के बाक्स और स्काई पोर्टल पर उपलब्ध रहेगा।
श्री दुग्गा ने बताया कि मुफ्त मोबाइल फोन वितरण के लिए शहरों, गांवों और कॉलेजों में नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। इस पूरे वितरण के कार्यक्रम में इनकी सबसे अहम भूमिका है। मोबाइल फोन वितरण के लिए ई-केवाईसी के लिए हितग्राही को अनिवार्य रूप से अपना आधार कार्ड देना होगा। हितग्राहियों की सुविधा के लिए स्काई पोर्टल भी बनाया गया है। इसमें सभी पात्र हितग्राहियों की सूची उपलब्ध कराई जा रही है। कॉलेज के विद्यार्थी भी पोर्टल पर जाकर अपने नाम देखते हुए मुफ्त मोबाइल फोन की पात्रता की जांच कर सकते हैं।
इस योजना के लिए चयनित पात्र हितग्राहियों के बारे में जानकारी देते हुए श्री दुग्गा ने बताया कि सामाजिक आर्थिक जाति जनगणना 2011 के आधार पर चिह्नित ग्रामीण परिवार की महिला प्रमुख या अन्य महिला को प्राथमिकता के आधार पर यह दिया जाएगा। इसके अलावा नगरीय क्षेत्रों में चिह्नित शहरी गरीब परिवार की महिला प्रमुख, तकनीकी और गैर तकनीकी कॉलेजों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी और वंचन सूची में शामिल जिन परिवारों में महिला सदस्य नहीं है, वहां पुरुषों को मोबाइल दिया जाएगा आवेदन से लेकर वितरण तक की निर्धारित प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए कलेक्टर श्री दुग्गा ने बताया कि अभी हितग्राहियों की सूची के आधार पर हितग्राहियों से आवेदन भरवाने की कार्यवाही शुरू कर ली गई है। इसके बाद इन आवेदकों के समस्त आवेदन पत्रों की स्काई पोर्टल में एंट्री करते हुए हितग्राहियों की ड्राफ्ट सूची में दावा-आपत्ति मंगाई जानी है। उसके बाद नए हितग्राहियों के नाम यदि सामने आते हैं तो उनका ग्राम सभा या नगरीय प्रशासन की सभा से अनुमोदन लेकर पुनः उन हितग्राहियों से आवेदन भरवाया जाएगा। श्री दुग्गा ने बताया कि अस्वीकृत हितग्राहियों के नाम और कारण की स्काई पोर्टल में एंट्री करने के बाद हितग्राहियों की अंतिम सूची का प्रकाशन फिर वितरण होगा।
