रायपुर / मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के सार्थक पहल एवं श्रम मंत्री भैयालाल राजवाड़े की सक्रियता से गरीब परिवार के बच्चे का सफल लीवर ट्रांसप्लांट नई दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूब ऑफ लीवर एंड बिलयारी साइंस में किया गया।
आपको बता दें कोरिया जिले के ग्राम रामपुर पटना निवासी राजपाल साहू एवं सुनीता साहू के 4 वर्षीय पुत्र अश्विन साहु को जन्म से ही लीवर की बीमारी थी। जिसे लेकर परिवार द्वारा लखनऊ एवं दिल्ली के चक्कर लगा कर पैसे के अभाव में थक चुके थे।
प्रदेश के मुखिया डॉक्टर रमन सिंह के कोरिया प्रवास के दौरान पीड़ित परिवार समक्ष में उपस्थित होकर अपनी व्यथा सुनाई जिस पर मुख्यमंत्री द्वारा पीड़ित बच्चे की जिम्मेदारी श्रम मंत्री भैयालाल राजवाड़े को दी गई। साथ ही संजीवनी कोष से तत्काल राशी रुपए डेढ़ लाख की ऑपरेशन के पूर्व ही प्राथमिक जांच हेतु आर्थिक सहायता प्रदान की गई। मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को निशुल्क इलाज हेतु पत्र भी लिखा था।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की गरीबों के लिए महत्वकांक्षी योजना राष्ट्रीय आरोग्य निधि से लीवर ट्रांसप्लांट हेतु 14 लाख की राशि स्वीकृत कर अस्पताल को प्रदान किया गया। पीड़ित परिवार विगत ढाई महीने से दिल्ली स्थित वसंत कुंज में किराए के मकान में रह कर इलाज करवा रहा था, जिसका इलाज खर्च श्रम मंत्री भैयालाल राजवाड़े द्वारा वहन किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि ऑपरेशन के पश्चात 10 लाख रुपए का खर्च दवाइयों पर होने से सम्बंधित बात डॉक्टरों द्वारा बताई गई। जिसका भार श्रम मंत्री द्वारा वहन करने की बात कही गई है।
