Advertisement Carousel

रामानुजगंज में दीक्षांत समारोह सम्पन्न ; 247 नव आरक्षकों ने ली शपथ

वसीम बारी, रामानुजगंज / छत्तीसगढ़ राज्य के अंतिम छोर एवं झारखंड सीमा से सटे रामानुजगंज के वार्ड नंबर 13 में स्थित 12वीं (भा/र) वाहिनी छ ग सुरक्षा बल केन्द्रीय प्रशिक्षण में हर्षोल्लास के साथ छठवीं नव आरक्षक दीक्षांत समारोह 12वीं वाहिनी (भा/र) वाहिनी छ ग सुरक्षा बल का भव्य दीक्षांत समारोह सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर भव्य आकर्षक परेड का आयोजन किया गया। जिसमें 247 नवनियुक्त आरक्षकों ने शिरकत की। साथ ही पूर्ण सत्यनिष्ठा, ईमानदारी व कर्तव्यपरायणता के साथ देश सेवा तथा संविधान की रक्षा करने की शपथ भी ली। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ।

दीक्षांत समारोह राज्य के गृहमंत्री रामसेवक पैकरा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। उन्होंने दीक्षांत परेड की सलामी ली और परेड में शामिल सभी नवनियुक्त आरक्षकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनायें दीं। साथ ही प्रशिक्षण अवधि के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु आरक्षकों एवं हवलदारों को पुरस्कृत भी किया।

सेनानी डी आर अंचला ने नवनियुक्त आरक्षकों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर बृहस्पति सिंह विधायक रामानुजगंज, श्रीमती नेहा चंपावत (भा पु से) पुलिस उप महानिरीक्षक छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल उत्तर क्षेत्र सरगुजा, एच एल नायक (भा प्र से) कलेक्टर बलरामपुर, सदानंद कुमार (भा पु से) पुलिस अधीक्षक सरगुजा, टी आर कोसीमा (रा पु से) पुलिस अधीक्षक बलरामपुर, गोवर्धन ठाकुर (रा पु से) 4 थी वाहिनी छ सु बल माना रायपुर, डी आर अंचला (रा पु से) सेनानी 12वीं भारत रक्षित वाहिनी छ ग सुरक्षा बल रामानुजगंज, विवेकानंद झा (भा व से) वन मंडलाधिकारी बलरामपुर, शिव अनंत तायल (भा प्र से) जिला पंचायत सीईओ बलरामपुर, विजय दयाराम के (भा प्र से) एस डी एम रामानुजगंज, गोपाल प्रसाद गुप्ता जी जिलाध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर, रमन अग्रवाल अध्यक्ष नगर पंचायत रामानुजगंज, श्रीमती मधु गुप्ता पूर्व अध्यक्ष नगर पंचायत रामानुजगंज, जय प्रकाश गुप्ता (वरिष्ठ अधिवक्ता) भाजपा नेता अनुप तिवारी (अधिवक्ता) अजय गुप्ता (मनोकामना) सुभाष जायसवाल, समाज सेवी राजकुमार गुप्ता रामानुजगंज, पत्रकार, शिक्षक/शिक्षिकायें, स्कूली बच्चे, छात्र एवं छात्राएँ सहित शासन के अन्य विभागों से पधारें अधिकारीगण, गणमान्य नागरिक गण, बटालियन के अधिकारी/कर्मचारी गण व प्रशिक्षुओं के परिजन मौजूद थे। इस दीक्षांत समारोह के उदघोषक पूर्व उपाध्यक्ष नगर पंचायत रामानुजगंज के शैलेष कुमार गुप्ता जी रहें ।

इस अवसर पर सेनानी डी आर अंचला ने कहा कि इस बटालियन की स्थापना छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध लड़ाई और कानून व्यवस्था कायम करने के लिए किया गया है। इस बटालियन के 05 कम्पनियों घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र बस्तर के बीजापुर जिले में तारूद, रामपुरम, मेटलाचेरू, तिमेड़, तारलागुड़ा में नक्सल मोर्चों पर अपनी सेवाएं दे रहें हैं और नक्सलियों के विरुद्ध लड़ाई में अपना योगदान दे रहे हैं। श्री अंचला ने जारी उदबोधन में कहा कि इस वाहिनी में नवगठित बटालियन 19वीं वाहिनी बस्तर, 20 वीं वाहिनी महासमुंद, 21वीं वाहिनी बालोद, 22वीं वाहिनी भीरागांव कांकेर से आये 247 जवान प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने जोश और हौसले के साथ अपने मातृभूमि और देश सेवा के लिए तैयार हुए हैं। सभी ने एक कठिन भर्ती प्रक्रिया और कठोर प्रशिक्षण कार्यक्रम से गुज़रने के बाद आज अपनी शारीरिक शक्ति और मानसिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। आपका उत्साही और शानदार अनुशासित परेड छत्तीसगढ़ पुलिस बल में आपके शामिल होने की खुशी को दिखाता है। इसके लिए आप सभी बधाई के पात्र हैं। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में अब महिलाओं की भी 10 % (दस प्रतिशत) भर्ती होने जा रही है और जल्द ही आने वाले समय में महिलाएं भी साहस और वीरता के इस यज्ञ में शामिल हो सकेंगी।

गृहमंत्री रामसेवक पैकरा ने कहा कि मैं बहुत जगहों पर दीक्षांत समारोह में गया परन्तु जो दृश्य यहाँ देखने को मिला, ऐसा लग रहा है मानो हम जम्मू कश्मीर के वादियों में आ गयें हैं। रामानुजगंज में स्थित यह बटालियन चारों तरफ से सुन्दर, वनों से आच्छादित पहाड़ों के बीच बनाया गया है। इस बटालियन के स्थापना में सहयोग देने के लिए सभी स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण बधाई के पात्र हैं। चारों तरफ वाहिनी के जवानों द्वारा रोपित पौधों की हरियाली ने यहां के वातावरण को बहुत ही सुन्दर बना दिया है। जो कश्मीर और नैनीताल जैसे स्थलों की याद दिलाता है। पहली बार जो भी इस बटालियन में आयेगा वो निश्चित ही यहाँ के सुन्दर प्राकृतिक वातावरण को देख कर जरूर प्रभावित होगा। उन्होंने आगे कहा कि पूर्व सेनानी गोवर्धन ठाकुर मई 2018 तक इस इकाई में सेनानी के रूप में पदस्थ थें, जो वर्तमान में 4 थी वाहिनी माना में पदस्थ हैं, उनके द्वारा 7 (सात) वर्षों के सेवाकाल के दौरान असमतल भू-भाग को इस स्तर तक पहुंचाया, जो आज इस स्थिति में है। राज्य सरकार के आदेशानुसार गोवर्धन ठाकुर के मार्गदर्शन/कुशल नेतृत्व एवं रामानुजगंज के गणमान्य नागरिकों के सहयोग से और साथ ही अधिकारियों/कर्मचारियों तथा आप नव आरक्षकों के फौलादी शरीर/श्रमदान से ही इस जंगल/पर्वत/असमतल भूमि को बहुत ही कम समय 04-05 सालों में एक उपवन का स्वरूप दे दिया गया है। जिसके लिए आप सभी बधाई के पात्र हैं। मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में यह बटालियन प्रदेश का सबसे अच्छा बटालियन में से एक होगा। छत्तीसगढ़ शासन/प्रशासन पुलिस विभाग के कार्य के प्रकृति के बारे में संवेदनशील है उनके द्वारा कठिन परिस्थितियों में भी लगातार अपनी सेवाएं देने के लिए तत्परता से तैयार रहने के जज्बे से भी हम भली-भांति परिचित हैं। इसलिए सरकार द्वारा इन जवानों की सुविधाओं में बढोतरी के भी लगातार प्रयास किये जा रहें हैं। वर्तमान समय में प्रदेश में वृहद रूप में प्रत्येक जिला, मुख्यालय, थानों, चौकियों और बटालियन मुख्यालयों में भी सभी अधिकारियों/कर्मचारियों के लिए आवास बनाये जा रहे हैं। इस बटालियन में भी जवानों के लिए 80 नये मकान, प्रशासनिक भवन व अन्य सहायक भवन, राजपत्रित/अराजपत्रित अधिकारी मेस बन कर तैयार हैं जिनका आज लोकार्पण किया जाना है। लगभग 200 मकान और बन रहें हैं जो अगले वर्ष तक तैयार हो जाएगा।

दीक्षांत समारोह में मंच का सफल संचालन नगर पंचायत रामानुजगंज के पूर्व उपाध्यक्ष शैलेश कुमार गुप्ता द्वारा किया गया।

error: Content is protected !!