Advertisement Carousel

क्रिप्टो-शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी, छठवीं पास आरोपी गिरफ्तार


26 लोगों से 1.35 करोड़ की ठगी, लैपटॉप-कंप्यूटर समेत डिजिटल साक्ष्य जब्त


रायपुर, 17 जनवरी।
क्रिप्टो करेंसी और शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा और मासिक ब्याज देने का झांसा देकर 26 लोगों से 1 करोड़ 35 लाख 14 हजार रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी महज छठवीं पास है और पहले भी इसी तरह की ठगी के मामले में जेल जा चुका है।


एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में फरार चल रहे आरोपी को दबोच लिया गया। उसके कब्जे से 01 कंप्यूटर सिस्टम, 01 लैपटॉप और 02 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।


निवेश के नाम पर भरोसे की आड़ में खेला करोड़ों का खेल
प्रार्थी अमित दास ने थाना पंडरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2021-22 में उसकी पहचान कुलदीप भतपहरी से हुई थी। आरोपी ने खुद को शेयर मार्केट, IPO, NSE, MSEI, CDSL से जुड़ा निवेश सलाहकार बताकर “के.बी. प्लान” के नाम पर अधिक लाभ और मासिक ब्याज का लालच दिया। इसी झांसे में आकर प्रार्थी और उसके भाई से ऑनलाइन और नकद ₹15.60 लाख ले लिए गए।


कुछ महीनों तक ब्याज के नाम पर रकम लौटाई गई, लेकिन दिसंबर 2024 में आरोपी अचानक फरार हो गया।


पूछताछ में खुलासा – 26 लोगों से करोड़ों की ठगी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने इसी तरीके से कुल 26 लोगों से ₹1.35 करोड़ से अधिक की ठगी की है। आरोपी के खिलाफ थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 18/2026, धारा 318(4) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया है।


पहले भी ठगी में जा चुका है जेल
आरोपी के खिलाफ पहले भी थाना टिकरापारा रायपुर में अपराध क्रमांक 456/2025, धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज है, जिसमें वह जेल जा चुका है।


गिरफ्तार आरोपी
कुलदीप भतपहरी
पिता – मुन्ना भतपहरी
उम्र – 38 वर्ष
निवासी – धमतरी रोड, सतनाम ज्ञान देवपुरी, थाना टिकरापारा, रायपुर

error: Content is protected !!