Advertisement Carousel

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भीषण आग,स्टोर रूम में रखे अहम शासकीय दस्तावेज जलकर खाक


रायपुर। राजधानी रायपुर के पेंशनबाड़ा (शैलेन्द्र नगर) स्थित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग कार्यालय के स्टोर रूम में लगी और देखते ही देखते पूरे हाल में फैल गई, जिससे वहां रखे कई महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेज जलकर राख हो गए।


घटना के समय आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और फायर ब्रिगेड को तत्काल बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।


प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि प्रशासनिक स्तर पर इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड के नुकसान को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।


घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने नुकसान का आकलन करने और जांच के आदेश दे दिए हैं। शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

error: Content is protected !!