Advertisement Carousel

पार्टी के भीतर मतभेद हो सकते है लेकिन मनभेद नही – चरणदास महंत

** जोगी के जाने से कांग्रेस को नुकसान नही फायदा होगा- महंत
** श्यामली विश्रामगृह में सम्पन्न पत्रकारवार्ता ने महंत ने खुलकर की हर मुद्दे पर बात

कोरिया – चिरमिरी / अजीत जोगी के कारण प्रदेश के व्यापारी और दूसरे प्रदेशों से छतीसगढ़ में आकर बसे लोग नाराज थे। उनके जाने से कांग्रेस को नुकसान नही बल्कि फायदा होगा। उपरोक्त बाते पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा कांग्रेस के छतीसगढ़ चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने चिरमिरी के मालवीय नगर स्थित श्यामली विश्रामगृह में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कही।

डॉ महंत ने पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए आगे कहा कि कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति अपने जनसंवाद कार्यक्रम के तहत पुरे प्रदेश में हर शहर और ग्रामीण क्षेत्रो के स्थानीय पत्रकारो व नए वोटरों से बात करेगी और उनसे स्थानीय समस्याओं को जानेगी। इसके साथ ही क्षेत्र के स्कुल और हॉस्पिटलों का भ्रमण कर भाजपा के 15 साल के विकास का जायजा लेगी। साथ ही क्षेत्र के वरिष्ठ जनों, खिलाड़ियों, शिक्षा के क्षेत्र में अच्छे स्थान पाने वाले छात्र छात्राओं का सम्मान करेगी।

डॉ महंत ने आगे कहा कि प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में 15 अगस्त तक इस अभियान को पूरा कर लिया जायेगा। इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रो में यह अभियान चलाया जायेगा। प्रदेश के 19 अनुसूचित जाति और ओबीसी बाहुल्य विधानसभा क्षेत्रों में उसी वर्ग का वक्ता तैयार किया जायेगा। इसके लिए पार्टी के उस क्षेत्र के उस वर्ग के बड़े नेताओं को तैयार किया जा रहा है।

डॉ महंत ने आगे कहा कि भाजपा की सरकार ने पिछले 15 वर्षों में विकास के नाम पर सिर्फ भ्रस्टाचार किया है। विकास केवल बड़े उद्योगपतियों का ही हुआ है। प्रदेश में 10 लाख किसान कम हो गए है। रवि की फसल के लिए किसानों को गंगरेल और हसदेव से पानी नही दिया गया है। मनरेगा के मजदूरों का भुगतान नही हुआ है। आदिवासी वनभूमि पट्टे से वंचित है। भाजपा के मोबाईल वितरण पर डॉ महंत ने कहा कि हर मोबाईल के पीछे दो हजार रूपये का भ्रस्टाचार हुआ है। यह करोड़ो रूपये का घोटाला है लेकिन इससे कांग्रेस को कोई फर्क नही पड़ेगा, लोग समझदार है।

पत्रकारो के एक सवाल का जबाब देते हुए डॉ महंत ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी कांग्रेस की विचारधारा के अनुरूप दलित और आदिवासी हितों के लिए काम कर रहे है। इन दोनों पार्टियों से गठबंधन की चर्चा कांग्रेस से चल रही है।

डॉ महंत के विरुद्ध बंटे पर्चे पर पूछे गए एक सवाल के जबाब में डॉ महंत ने कहा कि उनका इस क्षेत्र से हमेशा से लगाव रहा है, यही कारण है कि वे चुनाव हारने के बाद भी लगातार इस क्षेत्र का दौरा कर रहे है। उन्हें नही लगता कि कोई उनसे नाराज या असंतुष्ट है।

चिरमिरी के संदर्भ में पूछे गए सवाल का जबाब देते हुए डॉ महंत ने कहा कि केंद्रीय मंत्री रहते हुए उन्होंने चिरमिरी को पर्यटन क्षेत्र बनाने और यहाँ के लोगो के रोजगार के लिये प्रयास किया है। उनका यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
प्रत्याशी चयन के सवाल पर डॉ महंत ने कहा कि प्रत्याशी का चयन संगठन करेगा। पार्टी में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर मतभेद हो सकते है लेकिन मनभेद नही है।

पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. चरणदास महंत के साथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नजीर अजहर, प्रदीप गुप्ता, डॉक्टर विनय जायसवाल, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राम अवतार अलगमकर, प्रकाश तिवारी, चिरमिरी महापौर के. डोमरु रेड्डी व मनेन्द्रगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!