Advertisement Carousel

CG के CM ने 36 महीनों में 36 बार जनता को रेडियो सम्बोधित करने का बनाया कीर्तिमान, ऐसा करने वाले वह देश के पहले CM

** तीन साल से हर महीने प्रदेश वासियों को आकाशवाणी से कर रहे सम्बोधित

रायपुर / छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह रेडियो पर विगत 36 महीनों में लगातार 36 बार जनता को सम्बोधित करने का नया कीर्तिमान बनाया है। ऐसा करने वाले वह देश के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। आकाशवाणी के रायपुर केन्द्र से आज 12 अगस्त को उनकी मासिक रेडियो वार्ता ’रमन के गोठ’ की 36वीं कड़ी का प्रसारण हुआ। डॉ. रमन सिंह देश पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जो विगत तीन वर्षों से हर महीने के दूसरे रविवार को सवेरे 10.45 से 11.05 बजे तक नियमित रूप से रेडियो पर प्रदेशवासियों को सम्बोधित कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री की इस लोकप्रिय रेडियोवार्ता का पहला एपिसोड 13 सितम्बर 2015 को प्रसारित हुआ था। साक्षात्कार शैली पर आधारित अपने इस रेडियो कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता को सरकार की विभिन्न लोक हितैषी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। मासिक रेडियोवार्ता में मुख्यमंत्री शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, खेती-किसानी, तीज-त्यौहार, कला-संस्कृति, युवा कल्याण, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण आदि से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा भी करते हैं। उनकी रेडियो वार्ता की 37 वीं कड़ी का प्रसारण नौ सितम्बर को होगा। यह भी उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री की इस मासिक रेडियो वार्ता को राज्य में स्थित आकाशवाणी के सभी केन्द्र एक साथ प्रसारित करते हैं, वहीं आकाशवाणी के जगदलपुर केन्द्र से उनकी वार्ता का बस्तर की आंचलिक बोली ’हल्बी’ में और अम्बिकापुर केन्द्र से सरगुजा की आंचलिक बोली सरगुजिहा में भी प्रसारण हो रहा है। कई प्राईवेट टेलीविजन चैनलों और एफएम रेडियो चैनलों से भी यह कार्यक्रम प्रसारित किया जा रहा है। इसके अलावा उनके रेडियो प्रसारण के दूसरे दिन सोमवार को दूरदर्शन के रायपुर केन्द्र द्वारा अपरान्ह इस कार्यक्रम का प्रसारण किया जाता है।

error: Content is protected !!