** मुख्यमंत्री सहायता कोष के माध्यम से भेजी जाएगी सहायता राशि
कोरिया / केरल राज्य इन दिनों भीषण बाढ़ की चपेट मे हैं, राज्य के लगभग 14 जिले पुरी तरह से जलमग्न हैं और लाखों लोग बेघर हो गए हैं। केंद्र सहित सभी राज्य सरकारे केरल बाढ़ प्रभावितों के लिए हर संभव मदद कर रही हैं ऐसे में समाज सेवा के लिए हमेशा तत्पर देवरहा सेवा समिति ने भी बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए आर्थिक सहायता भेजने का निर्णय लिया और समिति के सभी सदस्यो ने अध्यक्ष शैलेष शिवहरे के नेतृत्व में सोमवार से नगर भ्रमण करते हुए व्यापारियों एवं आम नागरिकों से अनुरोध करते हुए सहायता राशि एकत्र किया।
देवरहा सेवा समिति के सदस्यों ने शैलेष शिवहरे के नेतृत्व में सिविल लाइन, घड़ी चौक, महलपारा चौक, नगरपालिका काम्प्लेक्स, चौपाटी आदि क्षेत्र में लोगो से आर्थिक सहयोग लिया। मंगलवार दोपहर से पुनः सदस्यों ने स्कूलपारा से अपने इस अभियान का शुभारंभ किया। और नगर के प्रमुख मार्गों में नागरिकों और व्यापारी बंधुओं से राशि एकत्र किया।

इस दौरान पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष और देवरहा सेवा समिति के सदस्य शैलेष शिवहरे ने कहा कि हमारी समिति द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है आज जब केरल में लाखों लोग बेघर हैं, विभिन्न सरकारें और सामाजिक संगठनों द्वारा उनके लिए हर संभव मदद किया जा रहा है। केरल में लोग रहने, खाने और अन्य जरूरत के लिए परेशान है ऐसे में समिति सदस्यों द्वारा उन्हें आर्थिक रूप से मदद करने का निर्णय लिया गया है,सोमवार से शुरू यह अभियान अभी कई दिनों तक जारी रहेगा इस दौरान समिति के लोग विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, व्यापारिक प्रतिष्ठानो में जाकर लोगो से मिलेंगे और बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए उनकी स्वेच्छापूर्वक आर्थिक सहायता लेंगे।
श्री शिवहरे ने बताया कि दो दिनों के इस अभियान में अच्छा प्रतिसाद मिला है लोग खुलकर मदद कर रहे हैं। उन्होंने नागरिको से केरल बाढ़ पीड़ितों के मदद का आह्वान किया है।

इस दौरान रामधनी गुप्ता, आशीष शुक्ला, विपिन जायसवाल, सुभाष साहू, रवि सिंह, शैलेंद्र शर्मा, अरविंद सिंह,अनिल खटिक, रमन गुप्ता, चुन्नू गुप्ता, राहुल मिश्रा, अज्जू नामदेव, अतुल शुक्ला, श्री वर्मा, रमेश राजवाडे, आशीष यादव, घनश्याम साहू, आलेख नामदेव, अविनाश सिंह गांधी,मल्लू जायसवाल समेत अनेक सदस्य शामिल रहे।
