अजीत जोगी ने गठबंधन के लिए मायावती को धन्यवाद दिया है. अजीत जोगी ने कहा कि, ‘गठबंधन के लिए बहन जी का धन्यवाद. तीन राज्यों में चुनाव हैं लेकिन उन्होंने पहले छत्तीसगढ़ का फैसला किया और हमें ये मौका दिया कि हम उनके साथ मिलकर चुनाव लड़ें और वहां सरकार बनाएं.’
बीएसपी 35 सीटों पर लड़ेगी और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ 55 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा है कि, ‘अगर हम जीतेंगे, तो अजित जोगी मुख्यमंत्री होंगे’. अजीत जोगी ने इसके लिए मायावती का धन्यवाद दिया है. दिल्ली इलाज कराने गए अजीत जोगी ने राजधानी में मायावती से मुलाकात की थी, जिसके बाद दोनों दलों के बीच गठबंधन के कयास लगाए जा रहे थे.
जोगी ने कहा कि और भी दल अगर साथ आना चाहते हैं, तो उनका स्वागत है. हालांकि खबरें कांग्रेस और बसपा के बीच भी गठबंधन की आ रही थी, लेकिन बसपा ने कांग्रेस को झटका देते हुए जोगी का दामन थाम लिया है. जोगी ने इस अवसर पर बीजेपी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा. जोगी ने कहा कि बीजेपी 15 साल से सत्ता में है. सत्ता का दुरुपयोग, प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग और पैसे का दुरुपयोग करके पार्टी फिर सत्ता में आना चाहती है. अब हमारा गठंबधन हो गया है. मायावती जी और हम लोग मिलकर बीजेपी को अवश्य रोकेंगे.
