बिश्रामपुर / सोमवार को अंबिकापुर के नगरीय निकाय प्रशासन विभाग के जेडी कार्यालय में पदस्थ कार्यपालन अभियंता की पत्नी ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। महिला द्वारा आत्महत्या करने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। फिलहाल पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजने के साथ ही घटना की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि सोमवार की दोपहर शाम 3.15 रेलवे स्टेशन मालधक्का के समीप रेलवे पोल क्रमांक 1024 के पास मेमू ट्रेन के सामने एक महिला ने कूदकर आत्महत्या की कोशिश की परन्तु महिला के कूदने के बाद मेमू के लोको पायलट ने महिला को ट्रैक पर देखकर ट्रेन रोक दी और फिर उसने ट्रेन को आगे बढ़ाया। पायलट द्वारा ट्रेन को पुनः जैसे ही आगे बढ़ाया गया महिला फिर से ट्रेन के नीचे कूद गई। ट्रेन के नीचे आने से महिला का शरीर दो हिस्सों में बंट गया। जिससे कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रेन के लोको पायलट इसकी सूचना आरपीएफ को दी गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची जयनगर और रेलवे पुलिस ने अपनी जांच शुरू की।
पुलिस को महिला के पास से एक मोबाइल मिला जिसके आधार पर महिला की पहचान अंबिकापुर नमनाकला के आईटीआई कालोनी निवासी 53 वर्षीया श्रीमती सरिता सिंह पति डीके सिंह के रूप में की गई।
