आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों को निकटवर्ती अस्पतालों में ले जाया गया है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जब पुल ढहा तब पास के सिग्नल पर लाल बत्ती के चलते ट्रैफिक रुका हुआ था और इसी कारण से ज्यादा मौतें नहीं हुई। वहीं अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि आज सुबह पुल पर मरम्मत कार्य चल रहा था इसके बावजूद इसका इस्तेमाल किया गया। अधिकारी ने बताया कि घटना शाम साढ़े सात बजे हुई जब पुल का अधिकांश हिस्सा गिर गया।
उन्होंने बताया, “दमकल कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। हमने मोटर यात्रियों से डी एन मार्ग से लेकर जे जे फ्लाईओवर तक के रास्ते पर जाने से बचने के लिए कहा है।” मुंबई पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘सीएसटी के प्लेटफॉर्म संख्या एक के ऊत्तरी छोर को टाइम्स ऑफ इंडिया इमारत के पास बीटी लेन से जोड़ने वाला पैदल पार पुल ढह गया है। यातायात प्रभावित हो गया है। यात्री अन्य मार्गों का इस्तेमाल करें। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।”
मुंबई फुटओवर ब्रिज हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर शोक जताया है। पीएम ने अपने संदेश में कहा, “मुंबई में फुटओवर ब्रिज दुर्घटना के बारे में जानकर बेहद दुःख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। महाराष्ट्र सरकार पीड़ित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है।”
रेलमंत्री पीयूष गोयल ने भी मुंबई में फुटओवर गिरने से हादसे में प्रभावित लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई है। इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी घटना पर अपना दुख जताया था। सीएम ने कहा था कि हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

मुंबई / दक्षिणी मुंबई में एक रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार शाम पैदल पार पुल का बड़ा हिस्सा ढह जाने से पांच लोगों की मौत हो गई और 29 घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रसिद्ध सीएसएमटी स्टेशन के साथ टाइम्स ऑफ इंडिया इमारत के पास वाले इलाके को जोड़ने वाले इस पुल को आम तौर पर ‘कसाब पुल’ के नाम से जाना जाता है क्योंकि 26/11 मुंबई आतंकवादी हमले के दौरान आतंकवादी इसी पुल से गुजरे थे।