Advertisement Carousel

पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर भाजपा में शामिल, बोले- पीएम मोदी के विजन से हुआ प्रभावित

दिल्ली / पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली ने उन्हें बीजेपी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान अरुण जेटली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि गौतम गंभीर पीएम मोदी के विजन से काफी प्रभावित हुए हैं। देश के लिए कुछ करना चाहते हैं। इसी कारण उन्होंने भाजपा का दामन थामा है। क्रिकेट में भी गौतम गंभीर का बड़ा योगदान है। उनका वर्ल्ड कप में बड़ा योगदान था। टिकट के सवाल पर जेटली ने कहा कि इसके बारे में फैसला चुनाव समिति करेगी।

इस दौरान बिना नाम लिए जेटली ने नवजोत सिंह सिद्धू पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ क्रिकेटर पाकिस्तान के समर्थक हो गए हैं, लेकिन गंभीर वैसे नहीं है।

इसके अलावा वित्त मंत्री जेटली ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा पर भी पलटवार किया। जो लोग देश को नहीं समझते हैं, वही ऐसे बयान देते हैं। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक पर कहा कि अब हम देश की रक्षा ही नहीं बल्कि प्रहार भी करते हैं।

इन क्रिकेटर्स ने भी मारी राजनीति में एंट्री – 

टीम इंडिया को दो बार वर्ल्ड कप (2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वर्ल्ड कप) जिताने वाले गौतम गंभीर आखिरकार राजनीति के मैदान पर उतर ही गए। पूर्व भारतीय ओपनर बल्लेबाज लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं की गई है कि लोकसभा चुनाव में वह किस सीट से अपने चुनावी सफर का आगाज करेंगे। गंभीर के अलावा और क्रिकेटर्स राजनीति में अपना भाग्य आजमा चुके हैं।

क्रिकेट छोड़ने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू कभी क्रिकेट कमेंटेटर के रूप में नजर आते तो कभी राजनेता का रूप धर लेते। इंटरनेशनल क्रिकेट में 7,000 से ज्यादा रन बनाने वाले सिद्धू ने 2004 में राजनीति में कदम रखा और बीजेपी के टिकट पर लोकसभा चुनाव भी जीता। पंजाब में बीते विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सिद्धू ने बीजेपी से इस्तीफा देकर कांग्रेस का दामन थाम लिया था।

‘कलाई के जादूगर’ के नाम से मशहूर पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन ने भी क्रिकेट के बाद राजनीति के मैदान पर कदम रखा। अजहर ने कांग्रेस की टिकट से उ.प्र. के मुरादाबाद से लोकसभा का चुनाव बड़े अंतर से जीता था, हालांकि 2014 आम चुनावों में ‘मोदी लहर’ के बीच वह भी अपनी सीट बचाने में नाकामयाब रहे।

1969 में भारत के लिए अपना पहला टेस्ट मैच खेलने वाले चेतन चौहान ने भी खेल को अलविदा कहने के बाद राजनीतिक पारी शुरू की। 1981 में अर्जुन पुरस्कार जीतने वाले चेतन ने बीजेपी का दामन थामा और वर्तमान में उ.प्र. सरकार में मंत्री हैं।

error: Content is protected !!