
सूरत / गुजरात के शहर सूरत में एक कमर्शियल बिल्डिंग में आग लग गई. ये आग इमारत की चौथी मंजिल पर लगी. यहां पर स्थित कोचिंग सेंटर में आए कई छात्र-छात्राएं फंस गए. जान बचाने के लिए वह छत से ही कूद गए. आग में झुलसने और छत से कूदने में 19 लोगों की जान चली गई. आग लगने की ये घटना सूरत के सरथना इलाके की है.
सूरत पुलिस कमिश्नर के अनुसार,आग में झुलसने से करीब 19 लोगों की मौत हो गई है. इस आग हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है. आग से बचने के लिए 40 से ज्यादा छात्र छात्राओं ने दूसरी मंजिल से ही छलांग लगा दी. इस हादसे पर प्रधानमंत्री ने दुख जताया है. उन्होंने अधिकारियों से बात कर हताहतों को पूरी मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं.
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने हादसे में मृतकों और घायलों के परिजनों को चार लाख रुपए सहायता देने की घोषणा की. इस दुर्घटना में छात्रों और अध्यापकों के भी मरने की आशंका है. मुख्यमंत्री ने इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं. सीएम ने हादसे की जांच रिपोर्ट तीन दिन में मांगी है.
