Advertisement Carousel

किसानों के सम्मान और समृद्धि के लिए सरकार प्रतिबद्ध : विष्णुदेव साय, 10,324 करोड़ रुपये सीधे खातों में ट्रांसफर

25.28 लाख किसानों को मिली होली की सौगात


बिलासपुर के रहंगी से वर्चुअल संवाद, 263.17 करोड़ के 89 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास


बिलासपुर, 28 फरवरी 2026।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिल्हा विकासखंड के रहंगी में आयोजित कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह एवं वृहद किसान सम्मेलन में प्रदेश के 25.28 लाख किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की।


इनमें बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसान शामिल हैं, जिनके खातों में 494.38 करोड़ रुपये पहुंचे। होली से ठीक पहले किसानों को मिली इस आर्थिक सौगात से ग्रामीण अंचलों में उत्साह का माहौल है।


89 विकास कार्यों से जिले को नई रफ्तार
मुख्यमंत्री ने 15.99 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण 7 कार्यों का लोकार्पण तथा 247.18 करोड़ रुपये की लागत के 82 नए कार्यों का शिलान्यास किया। कुल 263.17 करोड़ रुपये के 89 विकास कार्यों से जिले में आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी।


कार्यक्रम में अतिथियों का खुमरी और नांगर भेंटकर सम्मान किया गया। ‘कृषक उन्नति योजना का वरदान, छत्तीसगढ़ का हर किसान धनवान’ थीम पर आधारित वीडियो का भी विमोचन किया गया।


किसान हितैषी सरकार का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 25 लाख से अधिक किसानों ने धान बेचा है और सरकार द्वारा समय पर भुगतान सुनिश्चित किया गया है। इस बार बारदाने की समस्या नहीं आई और किसानों के खाते में राशि भी समय पर पहुंची।


उन्होंने बताया कि सरकार शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण सुविधा दे रही है। भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में भी राशि अंतरित की जा रही है। खाद सब्सिडी, सिंचाई विस्तार और सहकारिता को मजबूत करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

error: Content is protected !!