कोरिया / एक दिन पूर्व ही जिले के कलेक्टर डोमन सिंह ने जिला अस्पताल का अचानक दौरा किया था और आज फिर उन्होंने उसी टाईम पर आकर अस्पताल टीम को चौंका दिया।
आपको बता दे की कल दिनांक 23 सितंबर को शाम 6 बजे कलेक्टर कोरिया अचानक जिला अस्पताल आ धमके और फैली अव्यवस्था को देख भड़के थे, जिसके लिए कलेक्टर ने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ को फटकार भी लगाई थी। इस दौरान कलेक्टर ने कहा था कि “अब मैं रोज आऊंगा जिला अस्पताल, एक कमरा मेरे लिए आरक्षित करो मैं यही आकर रहूंगा” शायद इस बात को जिला अस्पताल ने हल्के में लिया हो पर स्वयं कलेक्टर ने अपनी बात पर गंभीरता दिखाते हुए आज पुनः जिला अस्पताल का दौरा किया और एक दिन पूर्व दिए निर्देशो का किस प्रकार पालन हो रहा है उसे देखा।
इस दौरान जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ गुप्ता सहित सभी डॉक्टर, तहसीलदार ऋचा सिंग पीडब्लूडी के अधिकारी मौजूद रहे।
गौरतलब हो कि आज भी कलेक्टर कोरिया डोमन सिंह ने अस्पताल में दाखिल होते ही एक के बाद एक अस्पताल के सभी वार्डों का व यूनिट्स का जायजा लिया। पर्ची काटने के काउंटर से लेकर, इमरजेंसी ड्यूटी के डॉक्टर की ओपीडी, आईसीयू और यहाँ तक कि जनरेटर और रसोई की भी व्यवस्था देखी।
