कोरबा। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने जिले के दीपका क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत वितरण कंपनी के सहायक अभियंता सत्येंद्र दिवाकर को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम रलिया निवासी श्यामता टंडन ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम दर्री स्थित कृषि भूमि में ट्रांसफार्मर लगवाने के नाम पर सहायक अभियंता द्वारा 80 हजार रुपए की मांग की गई थी, जिसमें से 30 हजार रुपए पहले ही ले लिए गए थे। शेष 50 हजार रुपए रिश्वत के रूप में मांगे जा रहे थे।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। आज 28 जनवरी 2026 को प्रार्थी को 50 हजार रुपए लेकर दीपका स्थित कार्यालय भेजा गया, जहां आरोपी ने जैसे ही रिश्वती रकम स्वीकार की, एसीबी टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है।
एसीबी द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
