सिंगापुर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, SING फोरम-2026 में रखेंगे प्रदेश की औद्योगिक ताकत और निवेश की संभावनाएं
रायपुर। छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश के नक्शे पर स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राज्य में औद्योगिक निवेश की नई संभावनाओं को तलाशने और विदेशी निवेशकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से सिंगापुर पहुंच गए हैं। यहां वे सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित प्रथम SING फोरम-2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फोरम में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ को नामित किया है। मुख्यमंत्री साय इस मंच के जरिए वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के सामने छत्तीसगढ़ की औद्योगिक उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को प्रस्तुत करेंगे।
फोरम के दौरान आयोजित CEO राउंडटेबल में मुख्यमंत्री सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योगपतियों के साथ सीधी चर्चा करेंगे। इस दौरान प्रदेश की नई औद्योगिक नीति, प्राकृतिक संसाधनों, अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर विशेष जोर रहेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा है कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में स्थापित करना है। वैश्विक निवेश मानचित्र पर प्रदेश की मजबूत पहचान बनाना सरकार की प्राथमिकता है। अब इस अंतरराष्ट्रीय दौरे से प्रदेश में कितने नए निवेश प्रस्ताव और औद्योगिक अवसर सामने आते हैं, इस पर उद्योग जगत की नजर रहेगी।
