राजनांदगांव / कलेक्ट्रेट परिसर जिला पंचायत भवन राजनांदगांव के सामने तीन दिवसीय बिहान प्रदर्शनी आयोजित की गई। जिसमें जिले के विभिन्न विकासखण्डों से आए बिहान (एन.आर.एल.एम) स्व सहायता समूहों के द्वारा निर्मित एवं उत्पादित सामग्रियों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया।
प्रदर्शनी में स्व सहायता समूह सदस्यों को बाजार से जोड़ने एवं उनके उत्पादों को उचित मूल्य प्रदान करने की एक पहल जिला पंचायत द्वारा की गई। इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में कुल 25 स्टाॅल एवं 40 उद्यमियों द्वारा हिस्सा लिया गया, जिनके द्वारा, खाद्य सामग्री, छत्तीसगढ़ी व्यंजन, रेडीमेड कपड़े, सेनेटरी नैपकिन, डिटर्जेंट, साबुन, फिनाईल, लकड़ी के खिलौने, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, गोबर के दिये, मोमबत्ती, अगरबत्ती, अचार, बड़ी, पापड़, मशरूम, सीताफल, जिमिकंद इत्यादि की बिक्री की गई।
प्रदर्शनी में हुए व्यवसाय से स्व सहायता समूह सदस्य अत्यंत प्रसन्न नजर आए। सदस्यों की हौसला अफजाई के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा भी सामानों की खरीदी की गई।
इस प्रकार श्रीमती तनुजा सलाम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, राजनंदगांव के द्वारा समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा अन्य जनों की उपस्थिति में तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आज समापन किया गया।

