रायपुर / शहीद पंकज विक्रम वार्ड क्रमांक 58 में पार्षद पद के लिए भारतीय जनता पार्टी से बगावत कर चुनावी मैदान में उतरने वाली स्वप्निल मिश्रा ने अंततः भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी शिल्पा राहुल गोलछा को अपना समर्थन दे दिया है।
अपने समर्थन पत्र में उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों द्वारा पार्षद की टिकट के लिए आश्वासन दिया गया था। इसी वजह से उन्होंने पार्षद पद के लिए फॉर्म भरा था। परंतु असमंजस के चलते वह नियत तिथि पर अपना नामांकन वापस नहीं ले सकी।
स्वप्निल ने कहा कि उनकी निष्ठा पूर्णता भारतीय जनता पार्टी पर है इसलिए संगठन द्वारा प्रत्याशी शिल्पा राहुल गोलछा को अपना पूरा समर्थन दे रही है। इस वार्ड में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी को जिताने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगी। उन्होंने यह समर्थन पत्र भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव अग्रवाल को सौंप दिया है।
