कोरिया / लॉक डाउन के दौरान देश के अलग अलग राज्यो में लोग फंसे हुए है। इन लोगो को वापस लाने छतीसगढ़ सरकार पहल भी कर रही है। राजस्थान के कोटा में फंसे हुए बच्चो को वापस लाया जा रहा है जिससे अब इनके परिजनों को बड़ी राहत मिली है। ऐसे में कोरिया जिले के दस बच्चे जो आंध्रप्रदेश के प्रकाशम जिले के नवोदय विद्यालय में लॉक डाउन में फंस गए है इनके परिजनों को उम्मीद है कि सरकार इस दिशा में भी सार्थक पहल करेगी।
नवोदय विद्यालय बैकुंठपुर के पांच छात्र और पांच छात्राएं जो माइग्रेशन की पढ़ाई के लिए आंध्रप्रदेश के नवोदय विद्यालय मार्कापुर गये हुए थे। लेकिन अचानक लॉक डाउन लग जाने के चलते ये वापस नही आ पाए। परिजनों ने कलेक्टर डोमन सिंह के साथ ही इलाके के विधायक गुलाब कमरो से मुलाकात कर इसके लिए पहल करने की बात कही। भरतपुर सोनहत के विधायक गुलाब कमरो ने इस सम्बंध में छतीसगढ़ के मुख्य सचिव आर पी मंडल से बात की है। गुलाब कमरो का कहना है कि कोटा की तरह आंध्रप्रदेश से भी इन बच्चो को लाया जाएगा। इसके पहले केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने भी नवोदय विद्यालय प्रबंधन से बात कर बच्चो का हाल चाल जाना था।
