मुबंई / अभिनेत्री कंगना रनौत और शिवसेना नेता संजय राउत के बीच शुरू हुई जुबानी जंग कम होने के बजाय और बढ़ गई हैं। अब कंगना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने पर एफआईआर दर्ज की गई है। दरअसल एक वीडियो को साझा करते हुए कंगना ने उद्धव ठाकरे को ‘तू’ कहा था।
ये एफआईआर मुंबई के विक्रोली थाने में दर्ज हुई है। वकील नीतिन माने ने एफआईआर दर्ज कराते हुए कहा है कि वह कोर्ट में कंगना को घसीटेंगे। चूंकि उद्धव ठाकरे का इस पूरे मामले से कोई लेना देना नहीं है, फिर भी कंगना ने उन्हें इस मामले में घसीटा। एक राज्य के सीएम के लिए इस तरह के शब्दों का प्रयोग ठीक नहीं है।
दरअसल एक वीडियो में कंगना ने कहा था- उद्धव ठाकरे तुझे क्या लगता है कि तूने फिल्म माफिया के साथ मिलकर मेरा घर तोड़कर मुझसे बहुत बड़ा बदला लिया है। आज मेरा घर टूटा है कल तेरा घमंड टूटेगा… उद्धव ठाकरे यह वक्त का पहिया है हमेशा एक जैसा नहीं रहता है। आज मैंने महसूस किया है कि कश्मीरी पंडितों पर क्या बीती होगी। आज मैं देश को वचन देती हूं कि मैं कश्मीर पर भी एक फिल्म बनाऊंगी और अपने देशवासियों को जगाऊंगी। मेरे साथ जो हुआ है इसका कोई मतलब है… कोई मायने है।
कंगना कहती हैं, बीते 24 घंटे में मेरा ऑफिस अचानक अवैध घोषित कर दिया गया। उन्होंने मेरे ऑफिस के फर्नीचर सहित अंदर सब चीजों को नष्ट कर दिया और अब मुझे धमकियां मिल रही हैं कि वे मेरे घर आएंगे और इसे भी तोड़ देंगे। मुझे अपने फैसले पर खुशी है फिल्म माफिया की दुनिया के सर्वश्रेष्ठ सीएम।
बता दें संजय राउत और कंगना के बीच जुबानी जंग तब तेज हुई जब कंगना रनौत ने कहा था कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उन्हें मुंबई में असुरक्षित महसूस होता है। कंगना रनौत ने हाल ही में मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से की थी, जिसके बाद शिवसेना नेता ने कंगना से कहा कि उन्हें मुंबई नहीं आना चाहिए।
