कलेक्टर के निर्देश पर शासकीय धान का उठाव नहीं कर रहे राईस मिलों पर कार्रवाई जारी
कस्टम मिलिंग कार्य में रूचि नही लेने वाले राईस राईस मिलों पर लगातार कार्यवाही जारी
राजनांदगांव कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के निर्देश पर मेसर्स जिनदत्त चावल उद्योग, माँ पीताम्बरा राइस मिल, श्री हनुमान राइस मिल में जप्ती की कार्रवाई की गई है। छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत इन राईस मिलों में जप्ती की कार्रवाई की गई।
उल्लेखनीय है कि इन राईस मिलर्स द्वारा मिलिंग क्षमता के अनुसार मिलिंग कार्य नहीं किया जा रहा है, साथ ही विगत 4-5 दिनों से धान के उठाव हेतु डीओ रिक्वेस्ट भी नहीं किया जा रहा है।
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा निर्देशन में सहायक खाद्य अधिकारी भुनेश्वर चेलक एवं श्री आशीष रामटेके तथा खाद्य निरीक्षक द्रोण कामड़े के साथ शासकीय धान का कस्टम मिलिंग कार्य हेतु समितियों से धान का उठाव नहीं करने वाले जिले के राईस मिलों की जांच की गई। जांच के दौरान जिनदत्त चावल उद्योग, का निरीक्षण किया गया। मिल के संचालक श्री फूलचंद बैद द्वारा 6 माह की कस्टम मिलिंग क्षमता के अनुसार 48000 क्विंटल का अनुबंध कराकर केवल 27846 क्विंटल धान का उठाव किया गया था जो कि अनुबंध का मात्र 38 प्रतिशत कार्य है। इनके द्वारा कस्टम मिलिंग कार्य में रूचि नही ली जा रही था विगत 5-6 दिवस से उनके द्वारा धान का उठाव कार्य नही किया जा रहा था। उक्त अनियमितता के कारण मिल परिसर में उपलब्ध 1074.88 क्विंटल धान एवं 3139.00 क्विंटल चावल तथा कनकी 568.00 क्विंटल जप्त किया जाकर प्रोपाईटर के सुपुर्दगी में दिया गया। जप्त शुदा चावल, धान एवं कनकी की अनुमानित कीमत 97 लाख 73 हजार रूपये है।
