कलेक्टर के निर्देश के बाद वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय में आई तेजी
महिला स्वसहायता समूह को जल्द ही किया जाएगा भुगतान
राजनांदगांव / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के निर्देश के बाद जिले में वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय में तेजी आई है। कलेक्टर ने कुछ दिन पहले ही गोधन न्याय योजना की समीक्षा के लिए वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारियों, सभी विकासखंडों के जनपद सीईओ, तहसीलदार एवं समिति प्रबंधक एवं शाखा प्रबंधक की बैठक ली थी और वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय की व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे। जिसके कारण पिछले एक ही सप्ताह में 12 हजार क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट का उठाव हो गया है। कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने जिले में पदभार संभालते ही गोधन न्याय योजना को अपने सर्वोच्च प्राथमिकताओं के कार्यक्रमों में शामिल किया था। जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण है कि जिले में गोधन न्याय योजना अंतर्गत वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन एवं विक्रय में सराहनीय बढ़ोतरी एवं तेजी आयी है साथ ही कृषि एवं पंचायत विभाग के मैदानी अमले पूरी ऊर्जा के साथ गौठानों में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किये जा रहे वर्मी कम्पोस्ट एवं सुपर कम्पोस्ट के उत्पादन को बढ़ाने एवं कृषकों को विक्रय करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं।
सप्ताह भर पहले कलेक्टर ने जब पहली बार इस योजना की समीक्षा की थी तो स्पष्ट लहजे में अधिकारियों को निर्देश दिये थे कि वर्तमान खरीफ में ही उत्पादित वर्मी कम्पोस्ट एवं सुपर कम्पोस्ट को न केवल विक्रय करना है बल्कि कृषकों के खेतों में उसका सुसंगत उपयोग हो यह भी सुनिश्चित करना है।
