Advertisement Carousel

निगम की कांग्रेस पार्षद संजना शर्मा ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में लिखा-मेरी मौत का जिम्मेदार ‘उसे’ माना जाए

रायगढ़ / छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम की पार्षद संजना शर्मा ने खुदकुशी कर ली। उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था। इसके बाद उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार दोपहर उन्होंने दम तोड़ दिया। संजना शर्मा कांग्रेस की बहुत चर्चित और तेज तर्रार नेता थीं। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें लिखा है कि अगर उन्हें कुछ होता है तो इसका जिम्मेदार ‘उसे’ माना जाए।

जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ नगर निगम का बजट सत्र चल रहा है। रोज की तरह वार्ड 27 से पार्षद संजना शर्मा भी बुधवार को उसमें शामिल हुई थीं। इसके बाद वह घर पहुंची। बताया जा रहा है कि देर रात ही उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालांकि उन्होंने क्या खाया इस संबंध में कोई जानकारी किसी को नहीं है। उनकी ओर से भी किसी को नहीं बताया गया था।

पार्षद संजना के भाई ने जब गुरुवार दोपहर उन्हें उल्टी करते देखा तो उन्हें जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी मिली। इसके बाद संजना को दोपहर करीब ढाई बजे आनन-फानन में मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस अफसरों सहित कांग्रेस नेता व अन्य लोग अस्पताल पहुंच गए हैं। वहीं परिवार भी सकते में है।

पोस्टमार्टम के बाद पुलिस शाम को पार्षद संजना शर्मा के घर उनके कमरे की तलाशी लेने के लिए पहुंची। वहां पर पुलिस को एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। यह सुसाइड नोट एक प्रार्थना पत्र के रूप में है, जिसे थाना प्रभारी को संबोधित करते हुए लिखा गया है। एसपी अभिषेक मीणा ने बताया कि सुसाइड नोट में एक न्यूज पोर्टल चलाने वाले युवक का जिक्र है।

लिखा है कि वह फेसबुक, सोशल मीडिया के साथ पोर्टल न्यूज में मेरे विषय में बहुत अनर्गल बातें लिखी हैं। अगर मुझे कुछ भी होता है तो इसका जिम्मेदार उसे माना जाए। हालांकि पुलिस युवक का नाम अभी उजागर नहीं कर रही है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

पार्षद संजना शर्मा करीब तीन माह पहले निगम सभापति के कक्ष में महिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष बरखा सिंह से विवाद के बाद चर्चा में आई थीं। बरखा सिंह ने अतिक्रमण के मुद्दे पर सभापति चैंबर में घुसकर संजना शर्मा को गालियां दीं और हाथापाई की थी। इस मामले ने फिर काफी तूल पकड़ा था और संजना शर्मा ने मामले की शिकायत बड़े नेताओं से की थी।

error: Content is protected !!