रायपुर / हज यात्रा पर जाने के लिए छत्तीसगढ़ में 431 यात्रियों ने पंजीयन करवाया था। छत्तीसगढ़ के लिए केंद्रीय हज कमेटी को लगभग 165 हज यात्रियों का कोटा निर्धारित करना था। यह कोटा निर्धारित नहीं हो पाया था। इस साल छत्तीसगढ़ हज कमेटी के अनुरोध करने पर केंद्रीय हज कमेटी ने सभी 431 यात्रियों को हज पर जाने की स्वीकृति दे दी है। इससे आवेदन करने वाले सभी यात्रियों में खुशी की लहर है।
अब प्रदेश के विविध जिलों से हजयात्रा पर जाने वाले लोगों के स्वास्थ्य की जांच के लिए शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें सउदी अरब के नियमों का पालन करने और हजयात्रा में किन नियमों का पालन किया जाएगा, इसका प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही टीकाकरण भी करवाया जाएगा।
केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि भारत से इस बार करीब 80,000 लोग हज यात्रा पर जाएंगे। इंडोनेशिया के बाद भारत से सबसे ज्यादा लोग हज पर जाएंगे। सभी आरोहण स्थलों पर टीकाकरण और आरटीपीसीआर जांच की व्यवस्था की गई है।
सऊदी हज और उमराह मंत्रालय ने यह भी निर्देश दिया है कि सभी हज यात्रियों को सऊदी हुकूमत द्वारा निर्धारित स्वास्थ्य निर्देशों का पालन करना और हज की रस्में अदा करते समय अपने स्वास्थ्य और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए सभी एहतियाती उपायों का पालन करना अनिवार्य होगा।
