Advertisement Carousel

मितान योजना का शुभारंभ, शुरुआत में बिलासपुर सहित 14 नगर निगमों के लिए योजना, घर बैठे मिलेगा लाभ

बिलासपुर / मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने श्रमिक दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित अपने आवासीय कार्यालय से बटन दबाकर मुख्यमंत्री मितान योजना का शुभारंभ किया। बिलासपुर निगम सहित प्रदेश के सभी 14 नगर निगम क्षेत्रों में प्रथम चरण में यह योजना लागू हो गई है। योजना के अंतर्गत नियुक्त मितान नागरिकों को 13 प्रकार की सेवाएं उनके घर तक पहुंचाकर उपलब्ध कराएंगी। बिलासपुर में पहले ही दिन तीन मितान भी नियुक्त कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री बघेल ने इस योजना के अंतर्गत सम्पर्क के लिए स्थापित टोल फ्री नम्बर 14545 को भी सार्वजनिक किया। बिलासपुर स्थित जिला कार्यालय में वर्चुअली जुड़कर वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शुभारंभ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। प्रमुख रूप से इसमें संसदीय सचिव रश्मि आशीष सिंह, विधायक शैलेश पाण्डेय, महापौर रामशरण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सिंह चौहान, जिला कलेक्टर सारांश मित्तर, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रमोद नायक, जिला अध्यक्ष विजय पांडेय व विजय केशरवानी आदि शामिल थे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री मितान योजना के अंतर्गत प्रथम चरण में 13 प्रकार की सेवायें शामिल की गई हैं। उक्त टोल फ्री नंबर पर सूचना किये जाने पर मितान आवेदक के पते पर पहुंच जायेंगे। उनसे आनलाइन जरूरी कागजात की स्कैनिंग कर ले जाएंगे और काम हो जाने पर स्वयं उनके घर आकर उपलब्ध करा देंगे। आवेदक को इन सब कामों के लिए केवल 50 रुपये देने होंगे। लागत के बाकी की रकम लगभग 230 रुपये राज्य सरकार द्वारा दिया जाएगा। इससे नागरिकों को काफी राहत मिलेगी।

error: Content is protected !!