रायपुर / बीमा पालिसी के नाम पर रायपुर के एक किसान से 49 लाख रुपये की ठगी हो गई। जाल बिछाने के लिए ठगों ने उन्हें अलग-अलग छह-सात नंबरों से फोन किया। बोनस का लोभ देकर उनसे कई किश्तों में पैसे लिए गए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ऐसे ठग इंश्योरेंस कंपनी के ग्राहकों का डाटा एजेंट से खरीदते हैं। इसमें ग्राहक का नाम, पता, मोबाइल नंबर, पालिसी नंबर समेत अन्य विवरण मिल जाता है। जिनकी पालिसी समाप्त होने वाली होती है या किश्त देने का समय आता है तो ये उनसे फोन पर इंश्योरेंस कंपनी के एजेंट बनकर बात करते हैं। पालिसी की राशि दस फीसद छूट, बोनस, क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने और लोन समेत अन्य प्रलोभन देकर अपने झांसे में लेते हैं। इसके बाद अपने खाते में रुपये जमा करा लेते हैं।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित किसान मनमोहन वर्मा के पास बीते वर्ष-2011 में फोन आया। फोन करने वाले ने स्वयं को मैक्स लाइफ और आदित्य बिड़ला इंश्योरेंस कंपनी का एजेंट बताया। उसने फोन पर उन्हें झांसे में लिया और कहा कि पांच लाख के इंश्योरेंस में दो वर्ष के भीतर 10 लाख रुपये का बोनस मिलेगा। साथ ही हर तीन-चार महीने के भीतर कमीशन सीधे बैंक अकाउंट में आने की बातें कहीं। इनकी बातों में आकर मनमोहन ने पांच लाख की आनलाइन बीमा ले लिया। उनके बताए गए अकाउंट में उसने बैंक जाकर पैसे डाल दिए। कुछ दिनों के भीतर फिर दूसरे नंबर से उन्हें फोन आया। इस बार कहा गया कि पांच लाख रुपये का बीमा और लेना पड़ेगा तभी बोनस मिल पाएगा। बीमा न लेने की स्थिति में पहले लिया गया बीमा का पांच लाख रुपये भी लेप्स हो जाएगा। उनके कहने में आकर मनमोहन ने फिर से पांच लाख का बीमा ले लिया। ठगों ने ऐसा कुल चार भागों में कर मनमोहन से अपने अकाउंट में 49 लाख रुपये डलवा लिए। अपै्रल-2022 तक जब उन्हें एक बार भी बोनस नहीं मिला तब उन्हें ठगी का आभाष हुआ। उन्होंने थाने जाकर पुलिस को पूरी जानकारी दी। जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात फोनधारक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया है।
