Advertisement Carousel

अजय जम्वाल को छत्तीसगढ़ भाजपा की मिली जिम्मेदारी

रायपुर / हिमाचल प्रदेश में मंडी जिले के अजय जम्वाल पूर्वोत्तर के बाद अब मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा की जड़ों को मजबूत करने का काम करेंगे। भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने उनको क्षेत्रीय संगठन मंत्री का दायित्व सौंपा है। पूर्वोत्तर में भी उनके पास क्षेत्रीय संगठन मंत्री का दायित्व था। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है। मध्य प्रदेश में भाजपा सत्ता में है और छत्तीसगढ़ में सत्ता से बाहर है।

भाजपा के राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश को दक्षिण भारत का जिम्मा सौंपा गया है। शिवप्रकाश और जम्वाल की जोड़ी आगामी विधानसभा चुनाव तक रहेगी। 15 साल सत्ता में रहने के बाद भाजपा पिछले चुनाव में सिर्फ 15 सीट जीत पाई। दंतेवाड़ा उपचुनाव में हार के बाद विधानसभा में पार्टी के 14 विधायक बचे हैं। पार्टी में लगातार नेतृत्व परिवर्तन की मांग चल रही है। प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय को बदले जाने की चर्चा थी, लेकिन अब जम्वाल को क्षेत्रीय संगठन मंत्री का दायित्व सौंपने के बाद साय की कुर्सी को बचा हुआ माना जा रहा है।

अजय जम्वाल पर मध्य प्रदेश में सरकार को फिर से सत्ता में लाने और छत्तीसगढ़ में वापसी करवाने का जिम्मा रहेगा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के बैनर तले छात्र राजनीति से शुरुआत करने वाले अजय 1991-92 में सोलन जिले के एबीवीपी के प्रभारी रहे। इसके बाद छह साल तक अरुण्ााचल के प्रभारी रहे। वहां से आरएसएस ने प्रचारक बनाकर लेह भेजा। प्रचारक के बाद जम्मू-कश्मीर के संगठन मंत्री का दायित्व मिला। जम्मू-कश्मीर में संगठन खड़ा करने में उनकी अहम भूमिका रही। 2009 में वह पंजाब के संगठन मंत्री बने। भाजपा और अकाली दल की सरकार बनवाई। 2016 में उन्हें शीर्ष नेतृत्व ने पूर्वोत्तर का क्षेत्रीय संगठन मंत्री बनाया था। अपनी संगठन क्षमता और कार्यकर्ताओं की मेहनत से उन्होंने पूर्वोत्तर के कई राज्यों में संगठन को बुलंदियों तक पहुंचाया। जम्वाल का मुख्यालय रायपुर रहेगा।

error: Content is protected !!