पूर्व नेता प्रतिपक्ष कौशिक का आरोप, राज्य निर्माण के बाद पहली बार उठा है डीए की मांग
रायपुर / पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर कर्मचारी विरोधी होने का आरोप लगाते कहा कि प्रदेश के आंदोलनरत कर्मचारी व अधिकारियों की डीए-एचआरए मांग पूरा करने की दिशा में कांग्रेस सरकार द्वारा कोई पहल नहीं किया जा रहा है।वही आंदोलन को कुचलने की दिशा में प्रशासनिक आतंकवाद की मदद ली जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से प्रदेश में कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों पर बदले की भावना से कार्रवाई की जा रही है। वह निन्दनीय है। राज्य के विकास में कर्मचारी संगठनों की भूमिका अहम् होती है लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार इन्हे लेकर जरा भी गंभीर नहीं है।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने कहा कि भाजपा कर्मचारी संगठनों के साथ हैं और उनकी मांगों का पूर्ण समर्थन करते हैं। उनके मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार को पूर्ण करने की दिशा में तत्काल फैसला लेना चाहिये।इसके साथ की कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों पर बदले की भावना से दवाबपूर्ण कार्रवाई नहीं किया जाना चाहिए। इससे दुर्भाग्यजनक क्या हो सकता है कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद पहली बार डीए की मांग को लेकर कर्मचारी संगठन आन्दोलनरत हैं। यह प्रदेश की कांग्रेस सरकार के अकर्मण्य के कारण ही कर्मचारी-अधिकारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले हैं।


