रायपुर: शहर के दलदल सिवनी दया नगर, आर्मी चौक क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या लोगों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। हाल ही में एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने एक 5 वर्षीय मासूम बच्चे पर हमला कर दिया। इस हमले में बच्चे के सिर पर गहरी चोट आई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने रेबीज संक्रमण की पुष्टि की, जिससे परिजनों की चिंता और भी बढ़ गई।
स्थानीय लोगों में आक्रोश, प्रशासन से की कार्रवाई की मांग
क्षेत्रवासियों का कहना है कि आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और वे आए दिन राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों पर हमला कर रहे हैं। कई बार नगर निगम से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम के जोन कमिश्नर को पत्र लिखकर आवारा कुत्तों को जल्द से जल्द पकड़ने और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है।
प्रशासन की उदासीनता, कब मिलेगा समाधान?
नगर निगम की निष्क्रियता से लोगों में रोष बढ़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।

अब देखने वाली बात यह होगी कि नगर निगम इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है? आखिर कब तक मासूम बच्चे और आम नागरिक इस खतरे का शिकार होते रहेंगे?
