Advertisement Carousel

कवर्धा में मवेशी तस्करी का गोरखधंधा बेखौफ जारी, प्रशासन मौन


कवर्धा,
जिले में अवैध मवेशी तस्करी का कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कुंडा, पांडातराई और बोड़ला थाना क्षेत्रों से प्रतिदिन मवेशियों की तस्करी की जा रही है। तस्कर फास्टरपुर, कुंडा, मोहगांव होते हुए सारंगपुर रोड के रास्ते मवेशियों को बोड़ला क्षेत्र पार कर मध्यप्रदेश ले जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, तस्कर कार्रवाई से बचने के लिए रात के अंधेरे में दो से चार मवेशियों की छोटी खेप में तस्करी करते हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि पुलिस को समय-समय पर सूचना दिए जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

स्थानीय गौ-सेवकों का कहना है कि जब बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मवेशियों को पकड़ते हैं, तब जाकर पुलिस सक्रिय होती है। इससे प्रशासन की गंभीरता पर सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी यह भी मिली है कि इस तस्करी रैकेट का सरगना मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले का निवासी है, जो पूर्व में मवेशी तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है। उसके सहयोगी बोड़ला क्षेत्र के बांधाटोला गांव में एक घर में ठहरकर तस्करी की योजना बनाते हैं और उसे अंजाम देते हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गोरखधंधे पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।


error: Content is protected !!