रायपुर, 28 अप्रैल — जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में रायपुर के युवा व्यापारी श्री दिनेश मीरानिया (अग्रवाल) की निर्मम हत्या के विरोध और श्रद्धांजलि स्वरूप, सोमवार को रवि भवन परिसर की सभी दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान दोपहर 1 बजे तक पूरी तरह बंद रहे। रवि भवन व्यापारी संघ के आह्वान पर व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
दोपहर 1 बजे रवि भवन ऑडिटोरियम में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में दिवंगत दिनेश मीरानिया जी के परिवारजन, रायपुर के सम्मानित व्यापारीगण और विभिन्न सामाजिक व व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभा के दौरान पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।
सभा में वक्ताओं ने इस भीषण आतंकी हमले की तीखी निंदा करते हुए कहा कि अब आतंकवादियों के खिलाफ निर्णायक कार्यवाही का समय आ गया है। व्यापारी संघ और उपस्थित नागरिकों ने केंद्र सरकार से मांग की कि:
- हमले में मारे गए सभी निर्दोष नागरिकों को शहीद का दर्जा दिया जाए,
- मृतकों के परिवारों को समुचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए,
- योग्य परिजनों को शीघ्र शासकीय सेवा प्रदान की जाए,
- आतंकवाद के विरुद्ध सख्त और निर्णायक कार्यवाही कर दोषियों को सख्त सजा दी जाए।
सभा के अंत में दिवंगतों की आत्मा की शांति और परिवारों को संबल प्रदान करने हेतु सामूहिक प्रार्थना की गई।
