Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ में IAS अफसरों का बड़ा फेरबदल, 42 अधिकारियों के तबादले; 7 जिलों के कलेक्टर बदले

Business concept.

रायपुर।
राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा कदम उठाते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 42 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में सचिव स्तर से लेकर जिला कलेक्टर तक व्यापक बदलाव किए गए हैं। इस फेरबदल में 7 जिलों के कलेक्टरों को भी बदला गया है, जिसे राज्य में प्रशासनिक कसावट और कार्यप्रणाली में तेजी लाने के तौर पर देखा जा रहा है।

जारी आदेश के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के विभागों में भी महत्वपूर्ण परिवर्तन किए गए हैं। ऋचा शर्मा को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के साथ विकास आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मनोज पिंगुआ को वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की कमान दी गई है, जबकि सुबोध कुमार सिंह को ऊर्जा विभाग के साथ-साथ पावर कंपनियों के चेयरमैन का दायित्व सौंपा गया है। निहारिका बारिक को गृह एवं जेल विभाग तथा शहला निगार को महिला एवं बाल विकास के साथ समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।


सचिव स्तर पर भी व्यापक फेरबदल किया गया है। डॉ. रोहित यादव को वित्त और जनसंपर्क विभाग, डॉ. कमलप्रीत सिंह को स्कूल शिक्षा विभाग, सिद्धार्थ कोमल को कृषि विकास एवं कृषि उत्पादन आयुक्त तथा आर. शंगीता को नगरीय प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कलेक्टर स्तर पर हुए बदलाव में पुष्पा साहू को कोरिया, संतोष देवांगन को गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, चंदन त्रिपाठी को बलरामपुर, संतन जांगड़े को मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, पद्मिनी भोई को सारंगढ़-बिलाईगढ़, रेना जमील को सूरजपुर तथा विश्वदीप को बीजापुर का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण पदस्थापनाओं में संबित मिश्रा को रायपुर नगर निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के प्रबंध संचालक, श्यामलाल धावड़े को रायपुर संभाग आयुक्त तथा महादेव कावरे को सहकारिता आयुक्त बनाया गया है।

राज्य सरकार के इस व्यापक फेरबदल को आगामी प्रशासनिक चुनौतियों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों से बेहतर प्रदर्शन और परिणाम की अपेक्षा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!