रायपुर, 6 मई 2026। राजधानी में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया, जहां जीजा ने अपनी दो सालियों को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पंडरी थाना क्षेत्र के मोवा स्थित सुंदरीपारा में रहने वाली सावित्री वर्मा की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया। उनकी बेटी ज्योति वर्मा का विवाह वर्ष 2020 में जितेन्द्र कुमार वर्मा से हुआ था। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते ज्योति पिछले 20-25 दिनों से मायके में रह रही थी।
बताया गया कि 5 मई की रात करीब 10:30 बजे आरोपी जितेन्द्र वर्मा ससुराल पहुंचा और पत्नी व बच्ची से बात कराने की जिद करने लगा। इस दौरान घरवालों ने उसे सुबह आने को कहा, जिससे वह भड़क गया। गुस्से में उसने अपनी लायसेंसी पिस्टल निकाली और पहले बड़ी साली गीतांजली वर्मा पर दो राउंड फायर कर दिया।
गोली की आवाज सुनकर छत से नीचे आई छोटी साली दुर्गेश्वरी वर्मा को भी आरोपी ने निशाना बनाते हुए गोली मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मयंक गुर्जर सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेन्द्र वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लायसेंसी पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पंडरी थाना में आरोपी के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
